स्वर्ण जयंती चौक के पास देर रात वारदात, गंभीर रक्तस्राव से युवक की मौत; न्यू राजेंद्र नगर पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी
घर लौटते समय युवक पर हमला
रायपुर: राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में शनिवार देर रात 18 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। स्वर्ण जयंती चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार पेपर कटर से हमला कर दिया। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी गौरव सेन (18) के रूप में हुई है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे गौरव किसी काम से बाहर गया था। घर लौटते समय वह स्वर्ण जयंती चौक के पास पहुंचा, जहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया।
जांघ पर धारदार हथियार से किए कई वार

जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने गौरव की जांघ पर पेपर कटर से कई वार किए। हमले में उसकी जांघ की मुख्य नस कटने की बात सामने आई है। इसके बाद काफी खून बहने लगा और गंभीर रूप से घायल गौरव सड़क पर गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। सड़क पर युवक को खून से लथपथ देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है।
