टिकरापारा थाना क्षेत्र में घर पर फंदे से लटका मिला छात्रा का शव | पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच, परिजनों के बयान दर्ज
घर पर मिला छात्रा का शव
रायपुर: राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। छात्रा का शव उसके घर पर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्कूल में डांटने-फटकारने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, आकांक्षा सेन छत्तीसगढ़ नगर स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर में आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में छात्रा को काफी डांटा-फटकारा गया था। परिवार ने आशंका जताई है कि इस घटना से परेशान होकर छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाया।
हालांकि, छात्रा की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने कायम किया मर्ग, जांच जारी
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि आठवीं कक्षा की छात्रा की मौत के मामले में मर्ग कायम किया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की विधिवत जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा कि घटना से पहले क्या परिस्थितियां बनी थीं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
