सहायक प्राध्यापक, सीनियर रेजिडेंट और जूनियर रेजिडेंट के पदों पर संविदा नियुक्ति, अधिष्ठाता कार्यालय के कॉलेज काउंसिल हॉल में होगा साक्षात्कार

152 रिक्त पदों पर होगी संविदा भर्ती
रायपुर स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार सहायक प्राध्यापक, सीनियर रेजिडेंट और जूनियर रेजिडेंट के कुल 152 पदों पर संविदा आधार पर नियुक्ति की जाएगी।
इस भर्ती में सबसे अधिक सीनियर रेजिडेंट के 73 पद शामिल हैं। इसके अलावा मेडिकल छात्रों के अध्यापन और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए सहायक प्राध्यापक के 71 पद निर्धारित किए गए हैं।
जूनियर रेजिडेंट के 8 पद
सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के अंतर्गत क्रिटिकल केयर और सीटीवीएस (कार्डियो वैस्कुलर थोरेसिक सर्जरी) विभाग में जूनियर रेजिडेंट के 8 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इन पदों पर नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेज और उससे संबद्ध अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं तथा मरीजों की देखभाल को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
14 अक्टूबर को वॉक-इन इंटरव्यू
इच्छुक और पात्र चिकित्सकों के चयन के लिए 14 अक्टूबर 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित अधिष्ठाता कार्यालय के कॉलेज काउंसिल हॉल में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और स्व-प्रमाणित शैक्षणिक दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
दोपहर 12 बजे तक जमा करना होगा आवेदन
अभ्यर्थियों के लिए आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम समय-सीमा दोपहर 12:00 बजे निर्धारित की गई है। निर्धारित समय के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
भर्ती से संबंधित पात्रता, अनुभव, मानदेय और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी मेडिकल कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट ptjnmcraipur.in पर जानकारी देख सकते हैं।
