गांजा तस्करी के आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा लाते समय बदमाशों ने पुलिस वाहन रोककर छुड़ाया, रीवा, सीधी और मऊगंज पुलिस की टीमें तलाश में जुटीं
- 1. आदित्य मिश्रा की फरारी के पीछे साजिश का शक | प्रोडक्शन वारंट से जुड़ी कड़ी सामने आई
- 2. पुलिस वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाया | हवाई फायरिंग के बाद जंगल की ओर भागे बदमाश
- 3. रीवा-शहडोल बॉर्डर पर हुई वारदात | 10 से ज्यादा पुलिस टीमें तलाश में जुटीं

प्रोडक्शन वारंट के बाद रीवा लाया जा रहा था आरोपी
ओडिशा पुलिस की अभिरक्षा से फरार हुए गांजा तस्करी के आरोपी आदित्य मिश्रा की फरारी को लेकर पुलिस को साजिश की आशंका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आदित्य ने अपने वकील के जरिए रीवा न्यायालय में एक पुराने मामले में प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन कराया था।
वारंट जारी होने के बाद ओडिशा पुलिस उसे रीवा न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर आ रही थी। इसी दौरान रीवा-शहडोल बॉर्डर के पास उसके साथियों ने पुलिस वाहन को रोककर उसे छुड़ा लिया।
घाटी वाले इलाके में पुलिस वाहन को बनाया निशाना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आदित्य के साथियों को उसके रूट और आने के समय की जानकारी पहले से थी। बदमाशों ने रीवा-शहडोल बॉर्डर के पास घाटी वाले सुनसान इलाके को चुना।
बताया जा रहा है कि दो गाड़ियों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को ओवरटेक कर रोका और हवाई फायरिंग की। इसके बाद आदित्य को छुड़ाकर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस वाहन के शीशे पर गोली का निशान भी मिला है।
तीन जिलों की पुलिस तलाश में जुटी
घटना के बाद रीवा पुलिस ने आदित्य मिश्रा की तलाश तेज कर दी है। एसपी के निर्देश पर रीवा, सीधी और मऊगंज जिले की पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, टोल नाकों के डेटा और आदित्य के मोबाइल की पुरानी लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है और सतना तथा शहडोल से जुड़े कुछ तस्करों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की 10 से ज्यादा टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आदित्य के गांव और उसके रिश्तेदारों के यहां भी तलाशी की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कई मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर रखा है।
पुलिस को मिले अहम सुराग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं। घाटी के पास मिले एक टूटे हुए मोबाइल और वाहन से मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
ओडिशा पुलिस की टीम भी रीवा पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर रही है। दोनों राज्यों की पुलिस आरोपी और उसे छुड़ाने में शामिल संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आदित्य मिश्रा को छुड़ाने की योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
