बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास सड़क के गड्ढे और ढलान के कारण बस अनियंत्रित होने की जानकारी, 32 यात्री थे सवार

सिवनी। शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर छिंदवाड़ा-सिवनी नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के यात्रियों से भरी सूत्र सेवा बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 4:45 बजे हुआ। बस भोपाल से बालाघाट जा रही थी।
बस के नीचे दबने से एक यात्री की मौत
हादसे के दौरान बस में 32 यात्री सवार थे। बस पलटने के बाद एक यात्री उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक को बालाघाट निवासी बताया जा रहा है, हालांकि उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।
हादसे में 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 5 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य 5 को सामान्य चोटें बताई गई हैं।
यात्रियों में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112, कोतवाली, लखनवाड़ा और बंडोल थाना पुलिस का बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस और अन्य मददगारों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और अन्य साधनों से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
32 यात्रियों में बालाघाट के 21 लोग
जानकारी के अनुसार, बस में बालाघाट के 21, वारासिवनी के 5 और सिवनी के 4 यात्री सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त बस का क्रमांक एमपी 04 पीए 3660 बताया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर मौजूद गड्ढे और ढलान के कारण बस का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
ये यात्री हुए घायल
घायलों में विवेक पटेल (28), महेश गडेल (41), राहुल नागेश्वर (30), शैलेंद्र मरावी (30), बृजेश बिसेन (35), पियूस धुर्वे (30), प्रीति (27), आंचल मदलेकर (27) और संयोगिता श्रीवास्तव (48) सहित अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं।
पुलिस हादसे की जांच के साथ मृतक की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
