पुरानी रंजिश में फदहाखार चांदमारी इलाके में वारदात, चाकू से हमला कर युवक की हत्या; मुख्य आरोपित समेत 4 हिरासत में, अन्य की तलाश जारी।
- 1. बिलासपुर के फदहाखार में 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या।
- 2. पुरानी रंजिश के चलते हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
- 3. पुलिस ने मामले में 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के फदहाखार चांदमारी इलाके में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित घायल युवक को कुछ दूर तक घसीटकर ले गए और शव को फदहाखार-महमंद बाइपास के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
विवाद के बाद चाकू से हमला
मृतक की पहचान ओम लहरे पिता कन्हैया दिवाकर (22) के रूप में हुई है। वह मैट्रिक्स चौक के पास रहता था। पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे फदहाखार गेट के पास उसका मोहल्ले में रहने वाले सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद सुनील और उसके साथियों ने ओम पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में ओम गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए और फदहाखार-महमंद बाइपास के पास छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक ओम और सुनील के बीच लंबे समय से क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार दोनों कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आए थे और इसके बाद भी उनके बीच विवाद जारी था।
पुलिस ने घटना की रात ही मुख्य आरोपित सुनील को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद राजेश यादव, आदि ध्रुव और रोहित ध्रुव को भी पकड़ा गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या की तत्काल वजह के साथ वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिन पहले ही जेल से छूटे थे दोनों
पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले आरोपित सुनील उर्फ कल्लू टाइगर और ओम लहरे को धारदार हथियार लेकर घूमते हुए पकड़ा गया था। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया था। दोनों कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आए थे।
जेल से बाहर आने के बाद पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद बढ़ गया था। पुलिस अब हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
