राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने शंकर नगर स्थित पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास का लिया जायजा, छात्राओं की समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने आयोग की टीम के साथ शंकर नगर स्थित राज्य स्तरीय पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवासीय सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
छात्राओं से संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान डॉ. ममता साहू ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, रहने की व्यवस्था और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं के साथ कुछ सुझाव भी सामने रखे।
महिला आयोग अध्यक्ष ने छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल पर जोर
डॉ. ममता साहू ने कहा कि छात्राओं को छात्रावास में सुरक्षित, सुविधाजनक और सकारात्मक वातावरण मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं के जरिए छात्राएं बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें और आगे बढ़ सकें।
आयोग और विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान राज्य महिला आयोग की ओर से मंजू थदानी और रश्मी तिवारी, सखी वन स्टॉप सेंटर रायपुर की संरक्षण अधिकारी प्रीति पांडेय सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
