Highlight Lines
🔴 पिकअप वाहन से 3 भैंस बरामद, वाहन जब्त
🔴 दो आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
🔴 पुलिस का दावा- उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाई जा रही थीं भैंसें
🔴 पशु क्रूरता और कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बलरामपुर। बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से ले जाई जा रही तीन भैंसों को बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि पशुओं को उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। दोनों आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में पशुओं को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बसंतपुर थाना गेट के सामने नाकेबंदी की गई। जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें तीन भैंस बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन यादव (20), निवासी वाराणसी और साहिल कुमार (20), निवासी गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण संबंधी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने पिकअप वाहन और तीनों भैंसों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
