Highlight Lines
🔴 दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने जा रहे थे दोनों दोस्त
🔴 तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर
🔴 इलाज के दौरान एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
🔴 हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार में होने वाली शादी के लिए दहेज में देने के उद्देश्य से टीवी खरीदने जा रहे दो स्कूटी सवारों को तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस के अनुसार, लोहर्सी निवासी 50 वर्षीय बरन भानु अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ गुरुवार दोपहर स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घायलों को पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में सिम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु ने दम तोड़ दिया, जबकि बंशी श्रीवास का इलाज जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
