Highlight Lines
🔴 बुजुर्ग महिला के बिलासपुर जाते ही सूने मकान में चोरी
🔴 गेट, दरवाजा और आलमारी का लॉकर तोड़कर जेवर-नगदी पार
🔴 पूरी वारदात CCTV कैमरे में हुई कैद, संदिग्ध की तस्वीर स्पष्ट
🔴 पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की
बिलासपुर। मल्हार थाना क्षेत्र के चौहा गांव में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर में अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला अपने बेटे के साथ बिलासपुर गई हुई थीं। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस संदिग्ध की तलाश कर रही है।

बिलासपुर जाने के बाद सूने घर में चोरी
पुलिस के अनुसार, चौहा निवासी विवेक राय, जो मंडी बोर्ड निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है। परिवार के सभी सदस्य नौकरी और पढ़ाई के कारण बाहर रहते हैं, जबकि उनकी मां गांव के पैतृक घर में अकेली रहती हैं।
10 जुलाई की शाम बड़े भाई अपनी मां को बिलासपुर ले गए थे। घर में ताला लगाकर सभी चले गए। सोमवार सुबह जब बुजुर्ग महिला वापस लौटीं तो गेट का ताला टूटा मिला और मुख्य दरवाजे का हुक भी टूटा हुआ था।
जेवर और 15 हजार रुपये नगद चोरी
घर के अंदर जांच करने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला। उसमें रखी चांदी की बिछिया, सोने के तीन गेहूं-दाना आभूषण और करीब 15 हजार रुपये नगद गायब थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मल्हार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज से संदिग्ध की तलाश
चोरी की सूचना मिलने के बाद परिवार ने घर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में एक युवक घर में घुसकर ताले और दरवाजे तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस को संदिग्ध की स्पष्ट तस्वीर मिली है और उसके आधार पर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
