Highlight Lines
🔴 कोयला लदे ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवाओं को मारी टक्कर
🔴 MBBS द्वितीय वर्ष के छात्र और युवती की मौके पर मौत
🔴 एक युवती गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
🔴 हादसे के बाद लोगों ने किया चक्काजाम, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के ढेंगुरनाला पुल के पास मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र सहित दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

देवपहरी घूमने जा रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के कचंदा निवासी हैप्पी उर्फ लक्की रात्रे (26), गौरेला-पेंड्रा निवासी रेशमा नागेश (25) और पेंड्रा निवासी रागिनी यादव (25) बिलासपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। मंगलवार सुबह तीनों एक ही बाइक से कोरबा पहुंचे थे और पर्यटन स्थल देवपहरी जा रहे थे।
इसी दौरान ढेंगुरनाला पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
MBBS छात्र और युवती की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। ट्रेलर की चपेट में आने से हैप्पी रात्रे और रेशमा नागेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रागिनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि हैप्पी रात्रे MBBS द्वितीय वर्ष का छात्र था, जबकि रेशमा नागेश और रागिनी यादव NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में जिंदगी की जंग
हादसे में रागिनी यादव के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है।
हादसे के बाद चक्काजाम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोश में सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति सामान्य कराई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
