राज्यस्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज में अधिकारियों ने समझी जिम्मेदारियां, NDRF-SDRF समेत बचाव दल करेंगे मैदानी अभ्यास

रायगढ़, 18 अगस्त 2026। संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को राज्यस्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई।
भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में रायगढ़ जिले के प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी कलेक्ट्रेट स्थित NIC कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बाढ़ की स्थिति में विभागों की जिम्मेदारियों पर चर्चा
टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान संभावित बाढ़ की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की कार्यप्रणाली, विभागीय जिम्मेदारियां, सूचना के आदान-प्रदान और आपसी समन्वय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने अधिकारियों को अभ्यास को गंभीरता से लेने और अपनी-अपनी विभागीय भूमिका तथा निर्धारित SOP को अच्छी तरह समझने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के दौरान सभी विभागों का समन्वित प्रयास बेहद महत्वपूर्ण होता है। अभ्यास का उद्देश्य अधिकारियों को आपदा की स्थिति में निर्धारित SOP के अनुसार कार्रवाई की प्रक्रिया समझाना और विभिन्न स्तरों पर समन्वय की कार्यप्रणाली को स्पष्ट करना है।
बचाव दलों की तैनाती और मेडिकल सहायता पर मंथन
अभ्यास के दौरान बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन, बचाव दलों की तैनाती, चिकित्सा सहायता, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और सूचना के त्वरित आदान-प्रदान जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा वज्रपात, विद्युत सुरक्षा, रासायनिक दुर्घटना और सर्पदंश जैसी संभावित आपदाओं की स्थिति में संबंधित विभागों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर भी विचार-विमर्श किया गया।
20 अगस्त को चंघोरी में होगा मॉक ड्रिल
टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद 20 अगस्त को सुबह 10 बजे ग्राम चंघोरी, तहसील पुसौर में बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
इस दौरान बाढ़ की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का मैदानी अभ्यास कराया जाएगा। मॉक ड्रिल में NDRF, SDRF, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, नगर सेना और अन्य संबंधित विभागों के बचाव दल शामिल होंगे।
अभ्यास के दौरान प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, बचाव कार्य संचालित करने, चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रिया का मैदानी अभ्यास किया जाएगा।
नाव से लेकर एंबुलेंस तक की रहेगी व्यवस्था
मॉक ड्रिल के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है। इसमें नाव, मोटर बोट, गोताखोर, प्रशिक्षित तैराक, JCB, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम के साथ जीवन रक्षक दवाएं, शुद्ध पेयजल, परिवहन, ईंधन और प्रकाश व्यवस्था शामिल है।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने मॉक ड्रिल के लिए सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर. को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। संबंधित विभागों को नोडल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर अपने दायित्व के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
जिला प्रशासन ने मानसून के दौरान बाढ़, जलभराव, अतिवृष्टि, पेड़ गिरने अथवा अन्य प्राकृतिक आपदा से संबंधित सूचना और सहायता के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की अपील की है।
जिला हेल्पलाइन नंबर: 07762-223750
प्रशासन ने लोगों से आपदा से संबंधित किसी भी सूचना के लिए तत्काल हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है।
टेबल टॉप एक्सरसाइज में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
देश प्रहरी न्यूज़ यूट्यूब चैनल भी देखे …..
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रायपुर में सजा विज्ञान का मंच, 150 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
- दृष्टिबाधित बच्चों ने सीखा स्मार्टफोन चलाना, डिजिटल तकनीक से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
- जुनवानी की बिहान दीदियों ने राखी निर्माण से कमाए डेढ़ लाख रुपये, बीज राखियों ने बनाई अलग पहचान
- बैकुंठपुर के विद्यार्थियों को मिला सपनों को नई उड़ान देने का मंच, ‘विजनरी-15’ में प्रशासन से किया सीधा संवाद
- बनबगौद की महिलाओं ने नशे के खिलाफ संभाला मोर्चा, गांव को नशामुक्त बनाने सुबह-शाम कर रहीं गश्त
