रेत माफियाओं ने खनिज आरक्षक को पीटा, टीपर छुड़ाया सरगुजा में रेत माफियाओं का आतंक, आरक्षक पर हमला

Highlight
🔴 सरगुजा में रेत माफियाओं का आतंक
🔴 खनिज आरक्षक से मारपीट, टीपर छुड़ाकर फरार
🔴 5 आरोपियों पर मामला दर्ज, तलाश जारी
🔴 अवैध रेत खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
सरगुजा में रेत माफियाओं के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। रायपुर से पहुंची खनिज विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम द्वारा जब्त की गई रेत से भरी एक टीपर को आरोपियों ने बीच रास्ते में रोककर छुड़ा लिया। इस दौरान खनिज विभाग के आरक्षक के साथ मारपीट भी की गई। घटना शनिवार रात अंबिकापुर के गांधी चौक की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले में रेत तस्करी को लेकर हुई चर्चित हत्या की घटना के बाद खनिज विभाग की विशेष टीम सरगुजा संभाग में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने अंबिकापुर की ओर आ रही रेत से भरी चार टीपरों को पकड़ा था। वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर ले जाने के लिए खनिज आरक्षक तारकेश्वर वर्मा को साथ भेजा गया था।

बताया जा रहा है कि गांधी चौक पहुंचते ही रेत कारोबार से जुड़े लड्डन खान और उसके साथियों ने वाहनों को रोक लिया। आरक्षक द्वारा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और एक रेत से भरी टीपर लेकर आरोपी फरार हो गए। बाकी तीन वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया।
घटना के बाद खनिज विभाग की टीम गांधीनगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लड्डन खान, चालक सोनू, खलासी समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

उधर, खनिज विभाग ने बताया कि सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान कई हाइवा और टीपर जब्त किए गए हैं। विभाग का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद अवैध रेत उत्खनन जारी है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

