नमन–आयुष सट्टा सिंडिकेट से जुड़े बताए जा रहे सागर आडवानी का वीडियो सामने आया, पुलिस के मुताबिक तीन महीने से है फरार

रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े नमन–आयुष सिंडिकेट के फरार आरोपी का बर्थडे पार्टी मनाते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपियों की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में सिंडिकेट से जुड़े बताए जा रहे सागर आडवानी को बर्थडे पार्टी में शामिल देखा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक सागर इस मामले में फरार आरोपियों में शामिल है और उसकी तलाश जारी है।
वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस आरोपी को पुलिस लंबे समय से तलाश रही है, वह सार्वजनिक रूप से पार्टी करता कैसे नजर आया। हालांकि वीडियो कब और कहां का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मई में हुआ था नमन–आयुष सिंडिकेट का खुलासा
तेलीबांधा पुलिस ने मई 2026 में ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए रायपुर में सट्टा खिलाने वाले नमन–आयुष सिंडिकेट का खुलासा किया था। पुलिस के अनुसार Gold777.com, silverbet777.club, jmdbet777.com, AllpaneleXch9.co और Diamond Book जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के माध्यम से सट्टे का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कथित मास्टरमाइंड नमन जग्गी समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच और पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े 12 अन्य नाम सामने आने की बात पुलिस ने कही, जो अभी गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
36 मॉल के पास पकड़ा गया था नमन
पुलिस के मुताबिक 5 मई की रात 36 मॉल के पास एक कार में बैठकर नमन जग्गी आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ा। उसके मोबाइल की जांच में ऑनलाइन बैटिंग साइट से जुड़ी आईडी और सट्टे के संचालन से संबंधित जानकारी मिलने का दावा किया गया।
जांच आगे बढ़ने पर राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी समेत अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की बात पुलिस ने कही। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
तीन महीने से फरार बताए जा रहे 12 आरोपी
पुलिस के अनुसार मामले में मोहसीन खान, गोलू, बीबी एनजीपी, सागर आडवानी, गोलू अलमास, चंदन, अंकित, सौरभ जैन, बाबू गावली, जयेश भैया, अमित और राज गुप्ता फरार हैं।
पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब सागर आडवानी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के सामने उसकी लोकेशन और गतिविधियों की पुष्टि करना एक अहम चुनौती बन गई है।
आरोपियों की भूमिका भी जांच में सामने आई
पुलिस की जांच के मुताबिक नमन जग्गी पर मास्टर आईडी के जरिए आईडी बेचकर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की भूमिका का आरोप है। वहीं मोहसीन खान, सौरभ जैन, आयुष जैन, सागर आडवानी, चंदन, गोलू अलमास, अंकित, जयेश और अमित की भूमिका नमन को मास्टर आईडी उपलब्ध कराने से जुड़ी बताई गई है।
सरफराज उर्फ सैफ और गोलू पर नमन से आईडी खरीदकर सट्टा खिलाने का आरोप है। बाबू गावली पर ऑनलाइन सट्टे से संबंधित आईडी और पासवर्ड के जरिए प्वाइंट बढ़ाने के लिए हैकर की मदद लेने की भूमिका बताए जाने की बात पुलिस ने कही है। वहीं राज गुप्ता पर सिंडिकेट की मास्टर आईडी संचालित करने की भूमिका सामने आने का दावा किया गया है।
गोवा और बेंगलुरु तक कनेक्शन की जांच
पुलिस की जांच में इस नेटवर्क के कनेक्शन रायपुर से बाहर भी होने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। सिंडिकेट के तार गोवा और बेंगलुरु तक जुड़े होने का दावा पुलिस की जांच में किया गया है।
ऐसे में सागर आडवानी का वायरल वीडियो सामने आने के बाद फरार आरोपियों की गतिविधियों, संपर्कों और संभावित ठिकानों की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है।
वायरल वीडियो से बढ़ी पुलिस की चुनौती
सागर आडवानी का वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब पुलिस मामले के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी होने की बात कह रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति वास्तव में सागर आडवानी ही है या नहीं, वीडियो हाल का है या पुराना और इसे किस स्थान पर बनाया गया—इन सभी बिंदुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
यदि वीडियो हाल का पाया जाता है तो यह सवाल जरूर उठेगा कि लंबे समय से फरार बताए जा रहे आरोपी तक पुलिस की पहुंच क्यों नहीं बन पाई।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के मुताबिक नमन–आयुष सट्टा सिंडिकेट मामले में विवेचना जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक सहित मामले से जुड़े सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़े…..
जन्माष्टमी पर रायगढ़ में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 2 से 6 सितंबर तक एकांगी मार्ग व्यवस्था; जानें डायवर्सन और पार्किंग की पूरी जानकारी
कृपया मेरे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करे : धन्यवाद…
इसे भी पढ़े…..
- दल्लीराजहरा के गार्डन में भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए सजावटी पुतले जलकर खाक

- भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी की गिरफ्तारी टली, पुलिस पहुंचने से पहले फरार

- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त

- नक्सलमुक्त बस्तर के कई गांवों में पहली बार मनेगी दिवाली, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रोत्साहित

Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
