घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई, चोरी की स्कूटी से दोबारा वाहन चोरी की तलाश में घूम रहे थे आरोपी

रायगढ़ जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच घरघोड़ा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की स्कूटी पर सवार होकर दोबारा वाहन चोरी की रेकी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपये कीमत के चार चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए तीन आरोपी
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को घरघोड़ा के वार्ड नंबर 10 निवासी सुनील शर्मा की टीवीएस जुपिटर स्कूटी घर के सामने से चोरी हो गई थी। मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज कर CCTV फुटेज और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
3 अक्टूबर को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसी चोरी की स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान मिलन दास महंत, हरिशंकर महंत और कन्हैया दास महंत के रूप में हुई।
चोरी के चार वाहन बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से दुपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल चार वाहन बरामद किए हैं।
- बुलेट मोटरसाइकिल
- टीवीएस जुपिटर स्कूटी
- हीरो स्प्लेंडर प्लस
- एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल
बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
मैकेनिक और ड्राइवर ने मिलकर बनाई चोरी की योजना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मिलन दास महंत का छोटा भाई हरिशंकर महंत मोटरसाइकिल मैकेनिक है, जबकि कन्हैया दास महंत सक्ती क्षेत्र में ड्राइवरी करता है। वाहनों और उनके कल-पुर्जों की जानकारी का फायदा उठाकर तीनों ने वाहन चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने मई 2026 में छाल के बरभौना चौक के पास, घरघोड़ा के नवापारा चौक और छाल के बोजिया स्थित मस्जिद के पास से अलग-अलग दुपहिया वाहन चोरी करने की बात बताई। इसके बाद 18 सितंबर को घरघोड़ा से टीवीएस जुपिटर चोरी की थी।
चोरी की बुलेट का दुर्ग से निकला कनेक्शन
पुलिस ने बरामद बुलेट को सशक्त मोबाइल ऐप के जरिए चेक किया। जांच में सामने आया कि इस वाहन के संबंध में थाना सुपेला, जिला दुर्ग में वाहन चोरी का अपराध दर्ज है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
- मिलन दास महंत, 30 वर्ष, निवासी पुसल्दा, थाना छाल, जिला रायगढ़।
- हरिशंकर महंत, 24 वर्ष, निवासी पुसल्दा, थाना छाल, जिला रायगढ़।
- कन्हैया दास महंत, 37 वर्ष, निवासी महंत मोहल्ला, डभरा, जिला सक्ती।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू सहित पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक विक्रम चौरसिया, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धव पटेल और स्थानीय पुलिस सहयोगी कालिया गुप्ता की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
