टेडेसरा बस्ती के पास पुलिया से टकराई कार, ठेकेदार समेत तीन युवकों की मौत

राजनांदगांव जिले में जन्मदिन मनाने निकले पांच दोस्तों की कार शनिवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई। सोमनी थाना क्षेत्र के टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर कार पुलिया से टकरा गई। हादसे में ठेकेदार समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ढाबे में बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए निकले थे
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक सिंह ठाकुर का 3 अक्टूबर को जन्मदिन था। वह दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मना चुका था। इसके बाद रात में दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए भिलाई से राजनांदगांव की ओर निकला था।
कार में कुल पांच लोग सवार थे। बताया गया कि एक ढाबे पर खाना नहीं मिलने के बाद वे आगे बढ़े और दूसरे ढाबे पर रुके। इसी दौरान अभिषेक की कार आगे निकल गई। बाद में कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के पास हादसा हो गया।
ठेकेदार समेत तीन की मौत
हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर (30) और तोषण तिवारी (29) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास (27) को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
मृतकों में शामिल हैं:
- अभिषेक सिंह ठाकुर (30), ठेकेदार
- तोषण तिवारी (29)
- प्रशांत दास (27)
दो अन्य घायल युवकों का अस्पताल में उपचार जारी है।
कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, अभिषेक दोस्त की कार चला रहा था।
बताया गया कि हादसे वाली जगह पर सड़क का मार्ग संकरा हो गया है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
CSP सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 1:30 बजे हुआ। पांचों युवक जन्मदिन मनाने के लिए भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे जा रहे थे।
सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
