आरोप-प्रत्यारोप के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, पुलिस ने शुरू की जांच

सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का मामला अब सड़क से थाने तक पहुंच गया है। पिछले कई दिनों से यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो और भाजपा नेता धीरज सिंह के बीच सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद चल रहा था। मामला बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पुलिस तक पहुंच गया।
आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर FIR
यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो ने भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धीरज सिंह ने उनका रास्ता रोका, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के बाद पुलिस धीरज सिंह को थाने लेकर आई। इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए।
थाने में हंगामे की स्थिति
धीरज सिंह को थाने लाए जाने की जानकारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। इस दौरान थानेदार के चैंबर में CSP राहुल बंसल (IPS) के साथ कार्यकर्ताओं की तीखी बहस होने की बात सामने आई। हंगामे के बाद भाजपा कार्यकर्ता धीरज सिंह को अपने साथ थाने से ले गए।
भाजपा ने भी दर्ज कराया केस
पहली FIR की जानकारी मिलने के बाद देर शाम भाजपा कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचे। भाजपा की ओर से यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई।
भाजपा का आरोप है कि दोनों ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और शहर के सामाजिक सद्भाव को प्रभावित करने का प्रयास किया।
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच
सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद अब दोहरी FIR तक पहुंच गया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। विवाद को लेकर अंबिकापुर में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
