सेवा सेतु शिविर, धान खरीदी, स्वास्थ्य और शिक्षा कार्यक्रमों की समीक्षा; आवारा पशुओं के प्रबंधन पर भी जोर

सूरजपुर में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु शिविरों में शत-प्रतिशत संतृप्ति का लक्ष्य
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को विभागीय टीम के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने कहा गया। कलेक्टर ने शिविरों में आने वाले पात्र नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने तथा आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
6 अक्टूबर को भैयाथान विकासखंड के ग्राम करकोटी और ओड़गी के दवनसरा तथा 7 अक्टूबर को प्रतापपुर के डांडकरवा में सेवा सेतु शिविर आयोजित होगा।
धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा
धान खरीदी वर्ष 2026-27 की तैयारियों और कृषक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। एग्रीस्टेक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के शेष कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी विशेष जोर
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा में अधिक से अधिक नागरिकों की गैर-संचारी रोगों की जांच और स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए गए। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान और वय वंदना कार्ड जल्द बनाने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली गई। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पालकों से संवाद कर अनुपस्थित बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
आवारा पशुओं के प्रबंधन के निर्देश
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के कारण यातायात प्रभावित होने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को समन्वित कार्रवाई करने कहा। पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण
बैठक में समय-सीमा, जनदर्शन, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और पीजी पोर्टल के लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
