अभी मौसम शुष्क, दिन में तेज धूप और रात में गुलाबी ठंड; 6 अक्टूबर से एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, जबकि बस्तर और सरगुजा संभाग में रात के समय हल्की ठंड का अहसास बना हुआ है। प्रदेश में अभी कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है।
राजनांदगांव में सबसे अधिक तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राजनांदगांव में 35.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
फिलहाल मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।
रायपुर से गुजर रही मानसून वापसी की रेखा
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फिलहाल सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है।
वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण बिहार होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से मानसून की क्रमिक विदाई जारी है।
6 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। ऐसे में मौसम में बदलाव के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
