कमजोर विद्यार्थियों के लिए मेंटर शिक्षक और अतिरिक्त कक्षाएं, मेधावी छात्रों को मेरिट सूची में लाने पर जोर | बंद स्मार्ट क्लास की मरम्मत कराने के निर्देश

बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए बनेगी कार्ययोजना
रायगढ़, 13 अक्टूबर 2026: जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने शिक्षा विभाग को ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने और मेधावी छात्रों को राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया।
कमजोर विद्यार्थियों के लिए मेंटर शिक्षक और अतिरिक्त कक्षाएं
कलेक्टर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की त्रैमासिक परीक्षा के परिणामों का विश्लेषण कर अनुत्तीर्ण और कमजोर विद्यार्थियों की पहचान करने के निर्देश दिए। ऐसे विद्यार्थियों के लिए मेंटर शिक्षक नियुक्त करने, अतिरिक्त रेमेडियल कक्षाएं चलाने और महत्वपूर्ण प्रश्नों की श्रृंखला तैयार कर नियमित अभ्यास कराने को कहा।
वहीं, मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित कर उनकी प्रतिभा निखारने और बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दिसंबर 2026 तक पूरा करना होगा पाठ्यक्रम
कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 तक पाठ्यक्रम पूरा करने की कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले पुनरावृत्ति और तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
विद्यालयों में यूनिट टेस्ट नियमित रूप से आयोजित करने और उनके परिणामों का विश्लेषण कर विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
बंद स्मार्ट क्लास की होगी मरम्मत
बैठक में स्मार्ट क्लास की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खराब या बंद स्मार्ट क्लास की विद्यालयवार सूची तैयार कर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। इसका उद्देश्य आवश्यक मरम्मत कराकर स्मार्ट क्लास को जल्द दोबारा शुरू करना है।
विषय शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में स्थानीय स्तर पर योग्य एवं प्रशिक्षित युवाओं, सेवानिवृत्त शिक्षकों और कॉलेज के विद्यार्थियों का सहयोग लेकर अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय पर पाठ्यक्रम पूरा हो सके।
शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यार्थियों की समस्याओं पर जोर
कलेक्टर ने शिक्षकों को विद्या समीक्षा केंद्र से संबंधित निर्देशों का पालन करते हुए उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। विद्यार्थियों की समस्याओं, शंकाओं और सुझावों को प्राप्त करने तथा उनका त्वरित निराकरण करने के लिए व्हाट्सएप चैट ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों के संस्था प्रमुखों को सभी निर्देशों पर गंभीरता से अमल करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
