अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस की सेवा बढ़ी, सरगुजा संभाग के यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त सीधा रेल कनेक्शन

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से द्वि-साप्ताहिक सेवा की शुरुआत की गई। सांसद चिंतामणि महाराज ने सुबह 7:30 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान सांसद ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें पुष्प भेंट कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से चलेगी ट्रेन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनुसार, गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से रवाना होगी। ट्रेन के प्रस्थान का निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे है।
वहीं, गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी।
सेवा की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है।
लंबे समय से की जा रही थी अतिरिक्त फेरे की मांग
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि ट्रेन का एक अतिरिक्त फेरा शुरू होने से सरगुजा संभाग के लोगों को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा में सुविधा मिलेगी।
यात्रियों में दिखा उत्साह
नई सेवा शुरू होने के पहले दिन यात्रियों में उत्साह देखने को मिला। रायगढ़, जशपुर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से भी यात्री ट्रेन से सफर करने के लिए पहुंचे।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद और वरिष्ठ नागरिक भी मौजूद रहे।
