तीन गुना नकली नोट देने का झांसा देकर व्यापारियों से ठगी, असली नोटों के बीच कागज की कटिंग लगाकर तैयार करते थे गड्डियां

मेरठ। उत्तर प्रदेश पुलिस के दो सिपाही ही नकली नोटों के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का हिस्सा बन गए। भावनपुर पुलिस ने सोमवार देर रात गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सिपाहियों, एक हिस्ट्रीशीटर और दो अन्य आरोपितों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की 33 गड्डियां बरामद की गई हैं।
तीन गुना नकली नोट देने का झांसा
पुलिस के अनुसार, गिरोह व्यापारियों और अन्य लोगों को असली रकम के बदले तीन गुना नकली नोट देने का झांसा देता था। भरोसा जीतने के लिए पहले कुछ असली नोट बाजार में चलवाए जाते थे।
इसके बाद बड़ी रकम की डील के दौरान ऊपर और नीचे एक-दो असली नोट लगाकर उनके बीच कागज की कटिंग भर दी जाती थी। बाहर से देखने पर पूरी गड्डी असली नोटों जैसी दिखाई देती थी।
30 हजार के बदले एक लाख नकली नोट का लालच
गिरोह की ओर से 30 हजार रुपये के बदले एक लाख रुपये के नकली नोट देने की डील की जाती थी। कुछ मामलों में 10 हजार रुपये के असली नोट लेकर सात-आठ हजार रुपये के नकली नोट देने का लालच भी दिया जाता था।
व्यापारी जब रकम लेकर घर पहुंचता या गड्डी की जांच करता, तब उसे पता चलता कि बीच में असली नोटों के बजाय कागज की कटिंग लगी हुई है।
डिलीवरी के समय पहुंचते थे दोनों सिपाही
पुलिस के मुताबिक, रकम की डिलीवरी के समय दोनों सिपाही मौके पर पहुंच जाते थे। वे असली और नकली रकम को कब्जे में लेकर थाने पहुंचने का बहाना करते थे।
इसके बाद असली रकम के बदले नकली नोट लेने वाले व्यक्ति को जेल भेजने की धमकी दी जाती थी और उसकी रकम जब्त कर ली जाती थी।
33 गड्डियां और 25 हजार रुपये बरामद
भावनपुर पुलिस ने सिपाही आशीष कुमार, प्रश्नचित्त आनंद, ज्ञानपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर साजिद तथा फैजान और अभिषेक को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की 33 गड्डियां बरामद हुई हैं, जिनमें ऊपर-नीचे असली नोट और बीच में कागज की कटिंग लगी थी।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर पांचों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी के अनुसार, आरोपितों से 25 हजार रुपये के असली नोट भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
