नंदन पहाड़ में कपड़े से चेहरा ढके बदमाशों ने शटर काटकर पूरी ATM मशीन ले गए, पुलिस ने जांच के लिए स्पेशल टीम लगाई

देवघर। जिले के नंदन पहाड़ स्थित SBI एटीएम में बदमाशों ने देर रात फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। कपड़े से चेहरा ढके कुछ बदमाश एटीएम के पास पहुंचे और शटर काटकर पूरी एटीएम मशीन ही अपने साथ लेकर फरार हो गए। घटना मंगलवार सुबह करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुई है।
शटर काटकर ATM मशीन ले गए बदमाश
घटना के दौरान बदमाशों ने पहले एटीएम का शटर काटा और इसके बाद पूरी मशीन को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
स्पेशल टीम को जांच में लगाया गया
एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है और आरोपितों की तलाश के लिए स्पेशल टीम लगाई गई है। उन्होंने कहा कि पूजा से पहले इस तरह की घटना निश्चित रूप से चिंताजनक है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
शहर के सभी बॉर्डर पर जांच तेज
एसडीपीओ के अनुसार, घटना के बाद शहर के सभी बॉर्डर पर जांच तेज कर दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और वाहनों को बिना जांच के जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि बदमाश शहर में एटीएम मशीन तक उखाड़कर ले जा सकते हैं, तो इससे आम लोगों के घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ती है।
पुलिस के लिए यह घटना चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
