मुंगेली के सरगांव थाना क्षेत्र में चंद्रखुरी के पास हादसा, बाइक सवार तीन युवकों में दो की मौके पर मौत; एक गंभीर घायल, ट्रैक्टर चालक फरार

मुंगेली। बिलासपुर-रायपुर NH-130 पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरगांव थाना क्षेत्र के चंद्रखुरी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
चंद्रखुरी के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। भिलौनी निवासी भोला साहू, पिपरलोड निवासी सुखसागर यादव और बदरा निवासी सूरज यादव बाइक से किसी काम से रायपुर रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चंद्रखुरी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। भोला साहू और सुखसागर यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सूरज यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सड़क पर दो शव पड़े होने के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूरज यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
