गुढ़ियारी क्षेत्र में पहचान का फायदा उठाकर नाबालिग बच्ची को डराने-धमकाने का आरोप, पुलिस ने वंदना साहू और दीपक साहू को पकड़ा
रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को डराने-धमकाने और उनसे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी मंगवाने के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बच्चों को गुमराह कर उनके घर में रखे जेवरात और पैसे अपने पास मंगवाए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

पहचान का फायदा उठाकर बच्ची को डराने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, बड़ा अशोक नगर निवासी सोनम साहू ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी 11 वर्षीय भांजी वंदना साहू नाम की महिला को जानती थी। पुलिस के मुताबिक, इसी पहचान का फायदा उठाकर वंदना साहू ने बच्ची को डराया-धमकाया और ब्लैकमेल किया।
डर के कारण बच्ची ने घर में रखे सोने के कान के झुमके, सोने की चेन और नानी का रानीहार वंदना साहू को दे दिया। इसके अलावा बच्ची द्वारा समय-समय पर घर से नकदी रकम भी लाकर देने की बात शिकायत में कही गई है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में वंदना साहू का पति दीपक साहू भी शामिल था।
घर से जेवरात और नकदी मंगवाने का आरोप
मामले की शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी/वसूली किए गए जेवरात की बरामदगी की गई।
सोने के जेवरात पुलिस ने किए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के कान के टॉप्स और सोने की चेन बरामद की है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. वंदना साहू, पति दीपक साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर, बड़ा अशोक नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
2. दीपक साहू, पिता रिखी राम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर, बड़ा अशोक नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
