बरसात के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी | नई सड़क, पुल, फोरलेन, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के काम होंगे

24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदा मंजूर
रायपुर: बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण के कामों को गति देने की तैयारी है। राज्य शासन ने ₹672 करोड़ 22 लाख 30 हजार की लागत वाले 24 महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें नई सड़कें और पुल बनाने के साथ मौजूदा मार्गों का उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल है।
लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को कार्यादेश जारी कर बरसात के बाद निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
सात नई सड़कें और दो पुल शामिल
स्वीकृत 24 कार्यों में 7 नई सड़कें, 2 पुल एवं पहुंच मार्ग, 3 सड़क उन्नयन तथा 12 चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के कार्य शामिल हैं।
बिलासपुर में अरपा नदी पर लोधीपारा-कोनी मार्ग में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए ₹17.63 करोड़ तथा चोरहादेवरी-परसदा मार्ग में खारून नदी पर पुल के लिए ₹7.68 करोड़ की निविदा मंजूर हुई है। डोंगरगढ़ में 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए ₹46.22 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
रायगढ़ में ₹107 करोड़ से दो फोरलेन मार्ग
रायगढ़ जिले में दो प्रमुख मार्गों के फोरलेन चौड़ीकरण और विद्युतीकरण के लिए करीब ₹107.27 करोड़ की निविदाएं मंजूर हुई हैं। रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए ₹59.49 करोड़ और रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए ₹47.78 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
बिलासपुर, दुर्ग और धमतरी में भी काम
दुर्ग के अंजोरा-रसमड़ा मार्ग पर 5.28 किलोमीटर फोरलेन के लिए ₹28.02 करोड़, धमतरी में 3.50 किलोमीटर गौरव पथ के लिए ₹19.26 करोड़ और बिलासपुर के झाल-नगपुरा मार्ग के 17.61 किलोमीटर हिस्से के लिए ₹29.91 करोड़ की निविदा मंजूर हुई है।
रायगढ़ के कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग के 12.30 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन के लिए भी ₹24.26 करोड़ की निविदा स्वीकृत हुई है।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि बरसात के बाद सभी स्वीकृत कार्यों को तत्काल गति देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
