crpf-news-sports-quota-bharti
स्पोर्ट्स कोटा से हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल की भर्ती, 10वीं-12वीं पास खिलाड़ियों को अवसर; खेल प्रदर्शन और ट्रायल से होगा चयन

नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत भर्ती का अवसर दिया है। इस भर्ती अभियान में हेड कांस्टेबल (GD) के 182 और कांस्टेबल (GD) के 339, यानी कुल 521 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन प्रक्रिया में खेल उपलब्धि, शारीरिक मानक और स्पोर्ट्स ट्रायल को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
22 खेलों के खिलाड़ियों को मौका
CRPF भर्ती में कुल 22 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें बैडमिंटन, बॉडी बिल्डिंग, बॉक्सिंग, फुटबॉल, हैंडबॉल, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, वुशु और योग समेत विभिन्न खेल शामिल हैं।
10वीं और 12वीं पास कर सकते हैं आवेदन
हेड कांस्टेबल (GD) पद के लिए 12वीं पास अभ्यर्थी पात्र होंगे। इसके साथ निर्धारित स्तर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धि जरूरी होगी।
वहीं कांस्टेबल (GD) पद के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है। जूनियर/सीनियर नेशनल गेम्स, नेशनल स्पोर्ट्स, स्टेट स्कूल टीम, SGFI स्कूल गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स और खेलो इंडिया जैसी प्रतियोगिताओं में निर्धारित उपलब्धि वाले खिलाड़ी पात्रता के दायरे में आएंगे।
18 से 23 साल आयु सीमा
दोनों पदों के लिए 1 अगस्त 2026 को 18 से 23 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित है। नियमों के अनुसार पात्र खिलाड़ियों को अधिकतम 5 वर्ष तक की आयु छूट दी जा सकती है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त छूट का प्रावधान रहेगा।
PST और स्पोर्ट्स ट्रायल के बाद मेडिकल
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले पहचान और दस्तावेजों की जांच होगी। इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षा (PST), स्पोर्ट्स ट्रायल और मेडिकल परीक्षा कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर रिव्यू मेडिकल भी हो सकता है।
कितना मिलेगा वेतन?
हेड कांस्टेबल (GD) पद के लिए वेतनमान ₹25,500 से ₹81,100 और कांस्टेबल (GD) के लिए ₹21,700 से ₹69,100 निर्धारित है।
सामान्य, OBC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क ₹100 है। महिला, SC, ST और पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को शुल्क से छूट दी गई है।
