संगीत, अभिनय और नृत्य के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, सेवा-संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण को किया गया प्रस्तुत

खैरागढ़/रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के परिसर-2 में ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ का जिला स्तरीय नाट्य मंचन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत, अभिनय और भावपूर्ण संवादों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, सार्वजनिक सेवा के अनुभवों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को मंच पर प्रस्तुत किया।
नाटक के जरिए सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
संगीतमय नाटक में भारतीय कला, संगीत और नाट्य परंपरा के माध्यम से सेवा भाव, जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने नाटक के विभिन्न प्रसंगों के जरिए कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा और समर्पण के विचारों को आम लोगों तक पहुंचाना तथा नागरिकों को समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।
भरतनाट्यम और कथक की सामूहिक प्रस्तुति
कार्यक्रम में ‘भारत के रंग’ की सांस्कृतिक भावभूमि पर आधारित वंदे मातरम की गौरवगाथा भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने भरतनाट्यम और कथक की सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों से भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की झलक दिखाई।
संगीत, अभिनय और नृत्य के समन्वय से तैयार कार्यक्रम ने सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया।
जनसेवा में हर नागरिक की भूमिका पर जोर
नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जनसेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है। प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम में जनभागीदारी, सामूहिक प्रयास और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व को रेखांकित किया गया। आयोजन के जरिए विद्यार्थियों को सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को समझने के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला।
जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बिसेसर साहू, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, जैनेन्द्र जंघेल, नीलिमा गोस्वामी, गिरिजा चंद्राकर, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, भावेश कोचर, गोरेलाल वर्मा, वंदना टांडेकर, आयूब सोलंकी, रूपेंद्र रजक और लखन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
