कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग के कार्य परिषद सदस्यों ने लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से की मुलाकात, स्थानीय देशी गोवंश की नस्ल पहचान को बढ़ावा देने की जरूरत बताई

विश्वविद्यालय की गतिविधियों की दी जानकारी
रायपुर में राज्यपाल श्री रमेन डेका से 6 अक्टूबर को लोक भवन में कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग के कार्य परिषद सदस्यों ने भेंट की। इस दौरान सदस्यों ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और गोवंश संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
कोसली गोवंश के संरक्षण पर जोर
भेंट के दौरान कार्य परिषद के सदस्यों ने देश के विभिन्न राज्यों में स्थानीय और देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विशिष्ट देशी गोवंश ‘कोसली’ के संरक्षण, संवर्धन और नस्ल की पहचान को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी पहल की आवश्यकता बताई।
राज्यपाल ने आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देश
राज्यपाल रमेन डेका ने कोसली गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के विषय को महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय गोवंश की नस्लों का संरक्षण जैव विविधता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
इस अवसर पर कार्य परिषद के सदस्य सुबोध राठी, डॉ. किरण बघेल, डॉ. भूभारती साहू और डॉ. रिपू सुदन राठौर उपस्थित रहे।
