राखी, मिठाई और परिवार की जरूरतों में खर्च करेंगी राशि, कई महिलाओं ने बचत से शुरू किया स्वरोजगार

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचने से प्रदेश की महिलाओं में खासा उत्साह है। भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के पर्व से पहले मिली आर्थिक सहायता को महिलाएं अपने लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की सौगात बता रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि इस राशि से वे भाई के लिए राखी, मिठाई और उपहार खरीदने के साथ घर-परिवार की जरूरतें भी पूरी कर रही हैं। उनके लिए हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने छोटे-बड़े फैसले खुद लेने का भरोसा भी है।
हर महीने की सहायता बनी परिवारों का सहारा

सूरजपुर जिले की तेज कुमारी, मंजू रजवाड़े, पुनिया प्रजापति, शहनाज बेगम, गणेश्वरी प्रजापति, मेनका रजवाड़े और लता केंवट ने बताया कि महतारी वंदन की राशि से बच्चों की पढ़ाई, कॉपी-किताब, पौष्टिक भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
रक्षाबंधन के मौके पर भी महिलाओं के लिए यह राशि उपयोगी साबित हो रही है। महिलाएं इस राशि से पर्व की तैयारियों के साथ परिवार की जरूरी जरूरतें पूरी कर रही हैं।
बचत से स्वरोजगार तक पहुंची महिलाएं

महतारी वंदन योजना का असर केवल घरेलू खर्च तक सीमित नहीं है। कई महिलाओं ने योजना से मिलने वाली राशि को नियमित रूप से बचाकर स्वरोजगार की शुरुआत की है।
मुंगेली विकासखंड के ग्राम घुठेरा की अनीता गंधर्व ने महतारी वंदन से मिली राशि की बचत कर मुंगेली के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में मनिहारी और सिलाई की दुकान शुरू की। अब वह प्रतिदिन करीब 500 से 1,000 रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।
वहीं जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सरखों की शबीना बेगम ने योजना की राशि से अपनी चूड़ी दुकान के लिए नया सामान खरीदा और चूड़ियों की विविधता बढ़ाई। इससे उनकी दुकान पर ग्राहकों की संख्या और आमदनी में बढ़ोतरी हुई।
सिलाई मशीन खरीदकर बढ़ाई आमदनी

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की गायत्री श्रीवास्तव ने महतारी वंदन की राशि बचाकर सेकेंड हैंड सिलाई-पिको मशीन खरीदी। अब वह सिलाई के साथ पिको का काम भी कर रही हैं और अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।
रायगढ़ की राशी कंवर ने भी महतारी वंदन की किस्तों से सिलाई मशीन खरीदी। उनके लिए यह मशीन आजीविका और आत्मनिर्भरता का साधन बन गई है।
बेटियों के भविष्य के लिए भी बचत
कोरबा की शकुंतला कुर्रे महतारी वंदन की राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के साथ अपनी बेटी ध्रीयांशी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में बचत करने में कर रही हैं।
सक्ती की हेमंत बंजारे, मोहला की देवकी निषाद और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की अनीता गुप्ता भी योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसाय को मजबूत करने में कर रही हैं।
30 किस्तों से मजबूत हुआ भरोसा
1 मार्च 2024 से शुरू हुई महतारी वंदन योजना की लगातार 30 किस्तों ने महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल देने का काम किया है। नियमित राशि मिलने से महिलाएं अपनी जरूरतों के अनुसार खर्च, बचत और निवेश की योजना बना पा रही हैं।
कई महिलाएं इसी बचत के जरिए सिलाई, मनिहारी, चूड़ी व्यवसाय और अन्य छोटे स्वरोजगार से जुड़कर अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं।
महतारी वंदन से सशक्त हो रही मातृशक्ति
महतारी वंदन योजना ने महिलाओं की घरेलू निर्णयों में भागीदारी को मजबूत करने के साथ बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य पर खर्च को भी बढ़ावा दिया है।
रक्षाबंधन से पहले मिली 30वीं किस्त महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता के साथ पर्व की खुशियों को बढ़ाने का जरिया बनी है। महिलाएं इस राशि से राखी और मिठाई खरीदने के साथ परिवार की जरूरतें पूरी कर रक्षाबंधन का पर्व उत्साह के साथ मनाने की तैयारी कर रही हैं।
महतारी वंदन योजना की यह तस्वीर केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। महिलाओं के हाथ में नियमित आर्थिक सहायता पहुंचने से उनके आत्मविश्वास, बचत और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
ये भी पढ़े…..बेटियों को हर साल ₹30 हजार, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- दल्लीराजहरा के गार्डन में भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए सजावटी पुतले जलकर खाक
- भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी की गिरफ्तारी टली, पुलिस पहुंचने से पहले फरार
- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त
- नक्सलमुक्त बस्तर के कई गांवों में पहली बार मनेगी दिवाली, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रोत्साहित
