कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम किसकोड़ो में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। यह वही गांव है, जिसे कभी नक्सलियों का गढ़ माना जाता था और जहां पहले नक्सलियों की चौपाल लगती थी।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर संवाद किया और स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पुलिया, खाद भंडारण केंद्र तथा स्कूल की बाउंड्रीवाल जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के आवागमन के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था मजबूत करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान विजय शर्मा ने घोषणा की कि किसकोड़ो गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो गांव कभी भय और हिंसा का प्रतीक था, वह अब विकास, विश्वास और लोकतंत्र की नई पहचान बन रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को जैविक खेती अपनाने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग करने और लघु वनोपज प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की भी अपील की।

ग्रामीणों ने कहा कि जहां पहले नक्सलियों की चौपाल लगती थी, वहीं अब पहली बार शासन के उप मुख्यमंत्री ने जनचौपाल लगाई है। इससे क्षेत्र में विकास और सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
