navodaya-vidyalaya-admission-2027-mcb-class-9-11
MCB जिले के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का अवसर, जवाहर नवोदय विद्यालय केनापारा में LEST के जरिए होगा प्रवेश

रायपुर/एमसीबी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा पाने का शानदार अवसर है। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा (बैकुंठपुर), जिला-कोरिया में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में लेटरल एंट्री चयन परीक्षा (LEST) के माध्यम से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
एमसीबी जिला वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय केनापारा के शैक्षणिक क्षेत्राधिकार में शामिल है। पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर इस प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
30 सितंबर तक निःशुल्क आवेदन
कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
कक्षा 9वीं के लिए मनेन्द्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर विकासखंड के वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जो वर्तमान में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 8वीं में पढ़ रहे हैं। इसी तरह कक्षा 11वीं के लिए वर्तमान में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
मोबाइल से घर बैठे भी भर सकेंगे फॉर्म
आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इंटरनेट सुविधा वाले मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी चाहें तो अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या लोकसेवा केंद्र की मदद से भी आवेदन कर सकते हैं।
9वीं और 11वीं के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन
आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को अपनी पात्रता और आवश्यक दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
जवाहर नवोदय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रवेश से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है। कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन लिंक निर्धारित किए गए हैं।
कक्षा 9वीं LEST: https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9
कक्षा 11वीं LEST: https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11
10 अप्रैल 2027 को होगी चयन परीक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रशासन के अनुसार कक्षा 9वीं और 11वीं में लेटरल एंट्री के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी।
विद्यार्थियों का चयन निर्धारित परीक्षा और प्रवेश नियमों के आधार पर किया जाएगा। ऐसे में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के पास परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय है। उन्हें अभी से नियमित तैयारी शुरू करने की सलाह दी गई है।
आवेदन में परेशानी हो तो यहां मिलेगी मदद
ऑनलाइन फॉर्म भरते समय किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा, बैकुंठपुर में स्थापित सहायता केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें, ताकि तकनीकी समस्या या अन्य किसी कारण से आवेदन छूटने की स्थिति न बने।
