घर से लापता हुई 17 वर्षीय बालिका को पुलिस ने हिमगीर से बरामद किया, जांच में दुष्कर्म का मामला सामने आने पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं जोड़ी गईं
- 1. रायगढ़ से लापता नाबालिग ओडिशा से बरामद | आरोपी गिरफ्तार
- 2. हिमगीर में किराये के मकान में रह रहा था आरोपी | पुलिस ने दबिश देकर बालिका को सुरक्षित लौटाया
- 3. मोबाइल बंद कर बदले ठिकाने | लगातार तलाश के बाद पुलिस के हाथ लगा आरोपी

17 वर्षीय बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज
रायगढ़: चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय बालिका के घर से बिना बताए चले जाने के मामले में पुलिस ने उसे ओडिशा के हिमगीर से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को बालिका की मां ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 440/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हिमगीर में मिला बालिका का सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस को संदेही मनीष सिदार उर्फ साहिल के साथ बालिका के हिमगीर, जिला सुंदरगढ़ में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन आरोपी और बालिका मोबाइल बंद कर मकान बदलकर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, लगातार पतासाजी के बाद 2 सितंबर 2026 को हिमगीर के एक किराये के मकान से बालिका को सुरक्षित बरामद कर रायगढ़ लाया गया। हालांकि उस समय आरोपी मौके से फरार हो गया था।
जांच में पॉक्सो एक्ट समेत धाराएं जोड़ी गईं
बालिका का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन कराया गया। पुलिस के अनुसार, बालिका और गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी पर नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का आरोप सामने आया। इसके बाद मामले में धारा 87, 64(2)(M) बीएनएस और धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई।
बालिका की सीडब्ल्यूसी से काउंसलिंग कराई गई और न्यायालय में भी उसका कथन कराया गया।
चार साल से जान-पहचान का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बालिका को करीब चार वर्षों से जानता था और दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत होती थी। आरोपी के कथन के अनुसार, 14 अगस्त को उसने मोबाइल फोन गिरवी रखकर 6 हजार रुपये लिए और अपनी एक्टिवा से बालिका को हिमगीर ले गया।
पुलिस की दबिश के बाद आरोपी ने ठिकाना बदल लिया था। 2 सितंबर को पुलिस टीम की तलाश के दौरान वह अपनी एक्टिवा छोड़कर फरार हो गया था।
आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AA 4590 को ओडिशा से रायगढ़ लाकर जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी साहिल सिदार उर्फ मनीष, पिता उदल सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी चक्रधरनगर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बालिका की पतासाजी और आरोपी की गिरफ्तारी में महिला उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।
