today-bhilai-news-steel-plant-blast-furnace-6-accident
पुशर कार-2 की खराबी जांचने पहुंचे थे 47 वर्षीय विनोद कुमार; अचानक मशीन चलने से हुआ हादसा, जांच शुरू

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-6 के यांत्रिकी विभाग में मंगलवार को कार्य के दौरान हुए हादसे में एक ठेका कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है। वह मेसर्स सहिआन इंजीनियरिंग एंड ट्रेडिंग में एसएसडब्ल्यू के पद पर कार्यरत थे और प्रथम पाली में ड्यूटी कर रहे थे।
खराबी की जांच के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे ब्लास्ट फर्नेस-6 की पुशर कार-2 में खराबी की सूचना ऑपरेशन शिफ्ट प्रभारी ने मेकेनिकल पाली प्रभारी को दी।
इसके बाद खराबी की जांच के लिए विनोद कुमार को पुशर कार-2 के पास भेजा गया। बताया जा रहा है कि वे मशीन की जांच कर रहे थे, इसी दौरान पुशर कार-2 अचानक चल पड़ी, जिससे वह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाने से पहले हुई मौत
घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने विनोद कुमार को मशीन से बाहर निकाला। इसके बाद संयंत्र की एंबुलेंस से उन्हें मेन मेडिकल पोस्ट (MMP)-1 ले जाया गया।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने करीब सुबह 9 बजे जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह मशीन की खराबी की जांच के दौरान पुशर कार के अचानक संचालित होने को बताया जा रहा है।
हालांकि, सुरक्षा प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। संबंधित विभागों द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।
