एसएसपी के निर्देश पर मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वीडियो का लिया स्वतः संज्ञान, कोतवाली पुलिस ने BNS की धारा 194 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की

रायगढ़, 22 सितंबर। रायगढ़ में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। पुलिस के मुताबिक घटना 20 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे की है।
रायगढ़ पुलिस की मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित वीडियो को संज्ञान में लेकर सुरक्षित कराया। वीडियो में कुछ लोग रूपाली गारमेंट्स के संचालक साहिल अंबानी के साथ गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो से आरोपियों की पहचान
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने वीडियो के आधार पर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कराई। पुलिस के अनुसार बाबू, अनिल डालमिया, विक्की डालमिया, गोल्डी अंबानी, अन्नु डालमिया, हैप्पी डालमिया, विपिन मिश्रा एवं अन्य के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग पर गाली-गलौज और मारपीट कर लोक शांति भंग करने की स्थिति उत्पन्न करने के मामले में कार्रवाई की गई है।
कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 533/2026 दर्ज कर BNS की धारा 194 के तहत जांच शुरू की गई है।
सोशल मीडिया वीडियो से पुलिस तक पहुंचा मामला
पुलिस के मुताबिक घटना का वीडियो फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ग्रुपों में तेजी से प्रसारित हो रहा था। इसके चलते घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएं और अफवाहें फैलने की स्थिति बन रही थी।
पुलिस ने वीडियो सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है। अब मामले में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
SSP ने दी कानून हाथ में नहीं लेने की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था और लोक शांति भंग करने वाली घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित वीडियो की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्ग पर गाली-गलौज, मारपीट या उपद्रव कर भय और अशांति का माहौल बनाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
