today-kawardha-news-four-lane-road-54-crore-vijay-sharma
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव करेंगे भूमिपूजन, रायपुर से बिलासपुर मार्ग तक बनेगी फोरलेन सड़क; दो स्थानों पर धर्मनगरी की थीम पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनेंगे

कवर्धा। कवर्धा शहर के विकास को नई रफ्तार देने वाली 4 लेन सड़क और डिवाइडर निर्माण परियोजना का भूमिपूजन गुरुवार, 24 सितंबर को कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित समारोह में किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
54 करोड़ की लागत से बनेगी 7.8 किमी फोरलेन सड़क
जिला मुख्यालय कवर्धा में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 के किलोमीटर 50 से 57 तक करीब 7.8 किलोमीटर सड़क का फोरलेन उन्नयन और डिवाइडर निर्माण किया जाएगा। परियोजना की लागत करीब 54 करोड़ रुपये बताई गई है।
यह सड़क रायपुर मार्ग से बिलासपुर मार्ग तक, चंद्रयान हॉस्पिटल से कवर्धा शहर होते हुए जोराताल के आगे तक विकसित की जाएगी।
आवागमन और व्यापार को मिलेगा लाभ
फोरलेन सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद शहर में आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ शहर की व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की बात कही गई है।
परियोजना में डिवाइडर निर्माण के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सड़क की सुंदरता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
धर्मनगरी की पहचान के अनुरूप बनेंगे प्रवेश द्वार
4 लेन सड़क परियोजना के तहत दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। इन्हें कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए धर्मनगरी के स्वरूप में विकसित किया जाएगा।
प्रवेश द्वारों और सड़क का विकास शहर की भविष्य की जरूरतों, यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
भूमिपूजन समारोह की तैयारियां पूरी
जिला प्रशासन ने भूमिपूजन समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन के अनुसार यह परियोजना कवर्धा शहर के बुनियादी ढांचे और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य होगी।
