मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, नालंदा परिसर, मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय और आवासीय पट्टों को लेकर भी बड़े ऐलान

रायपुर, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर जिले के बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने के साथ ही करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।
घोषित कार्यों में सीवेज, पेयजल, सड़क, नाली, खेल, शिक्षा और शहरी सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
82 करोड़ रुपये का STP, पेयजल और सड़क पर भी जोर
बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। इसके अलावा ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ और सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।
विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नालंदा परिसर बनाने के लिए भी 5 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है।
बीरगांव में बनेगा मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय
मुख्यमंत्री ने बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय बनाने की घोषणा की। इसके जरिए जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने की बात कही गई।
इसके अलावा शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपये, रावांभाठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विद्युतीकरण एवं मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये और सर्व मांगलिक भवन के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा की गई।
सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद मिलेंगे आवासीय पट्टे
बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे देने की घोषणा की गई है।
स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल है बीरगांव
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बीरगांव भी इसका हिस्सा है।
सरकार के अनुसार क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिससे शहरी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को दिशा मिलेगी।
135 करोड़ से ज्यादा के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
कार्यक्रम में नगर निगम से जुड़े 94 करोड़ रुपये से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल रहे। नगरोत्थान योजना के तहत भी करीब 16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया।
सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किए गए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी बीरगांव के विकास कार्यों को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
