लंबे समय से की जा रही मांग के बाद रेलवे ने दी ठहराव की अनुमति, प्रायोगिक तौर पर शुरू हुई बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस की सेवा

वेंकटनगर। रेल मंडल के वेंकटनगर स्टेशन पर शनिवार से बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया। लंबे समय से यात्रियों और स्थानीय लोगों की ओर से स्टेशन पर ट्रेन रोकने की मांग की जा रही थी। रेलवे की अनुमति मिलने के बाद अब यहां नर्मदा एक्सप्रेस का ठहराव शुरू किया गया है।
पहले दिन स्टेशन पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन के रुकने से यात्रियों में भी खुशी देखने को मिली। इस ठहराव से वेंकटनगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बिलासपुर, इंदौर समेत मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
प्रायोगिक आधार पर शुरू हुआ ठहराव
रेलवे ने फिलहाल नर्मदा एक्सप्रेस के वेंकटनगर स्टेशन पर ठहराव को प्रायोगिक आधार पर शुरू किया है। यात्रियों से मिलने वाले रिस्पांस और ठहराव के उपयोग को देखते हुए आगे इसे नियमित किया जा सकता है।
स्थानीय यात्रियों के लिए यह सुविधा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अब उन्हें नर्मदा एक्सप्रेस पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशन तक जाने की जरूरत कम होगी।
बिलासपुर से इंदौर जाने वाली ट्रेन का समय
ठहराव शुरू होने के बाद ट्रेन संख्या 18234 बिलासपुर–इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस वेंकटनगर स्टेशन पर 13:47 बजे पहुंचेगी और 13:49 बजे रवाना होगी।
इसके बाद ट्रेन का समय इस प्रकार रहेगा:
- जैतहरी — 14:02 बजे
- अनूपपुर — 14:19 बजे
- अमलाई — 14:35 बजे
- बुढ़ार — 14:45 बजे
रेलवे के अनुसार अन्य स्टेशनों की समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वापसी में भी मिलेगा ठहराव
इंदौर से बिलासपुर आने वाली ट्रेन संख्या 18233 इंदौर–बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस भी वेंकटनगर स्टेशन पर रुकेगी। वापसी में ट्रेन 11:03 बजे वेंकटनगर पहुंचेगी और 11:05 बजे रवाना होगी।
इसके बाद ट्रेन के निर्धारित समय इस प्रकार हैं:
- पेंड्रारोड — 11:21 बजे
- खोंगसरा — 12:07 बजे
- बेलगहना — 12:23 बजे
- करगी रोड — 12:38 बजे
- घुटकू — 12:52 बजे
- उसलापुर — 13:04 बजे
नर्मदा एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं में ठहराव शुरू होने से वेंकटनगर और आसपास के यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
