विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में गुरुवार शाम बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के कारण उफान पर आई आगर नदी में ढोलढोली रपटे को पार करते समय 25 यात्रियों से भरा एसएमएल वाहन तेज बहाव में फंस गया। पानी के दबाव से वाहन का एक पहिया रपटे से नीचे उतर गया, जबकि दूसरा ऊपर अटक गया। वाहन के तिरछा होते ही उसमें सवार महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में अफरा-तफरी मच गई।

🔴 Highlight Lines
🔴 उफनती नदी में फंसी 25 यात्रियों से भरी गाड़ी
🔴 ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर सभी को बचाया
🔴 तेज बहाव में रपटे पर फंसा एसएमएल वाहन
🔴 स्थायी पुल निर्माण की मांग तेज
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर मानव श्रृंखला बनाई। सबसे पहले महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, इसके बाद बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को भी सकुशल नदी किनारे पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। इसके बावजूद चालक ने रपटा पार करने की कोशिश की। जैसे ही वाहन बीच धारा में पहुंचा, तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन फंस गया। कुछ यात्री खिड़की और दरवाजे के सहारे बाहर निकले, जबकि बाकी लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ढोलढोली रपटा कई सीमावर्ती गांवों को जोड़ता है। बरसात और शादी के मौसम में अक्सर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहन चलाए जाते हैं। प्रशासनिक निगरानी के अभाव में चालक उफनते रपटों को पार करने का जोखिम उठाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से ढोलढोली रपटे की जगह ऊंचा और स्थायी पुल बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान हर साल लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
