उत्कृष्ट सेवा, अपराध नियंत्रण, जनसेवा और आपदा प्रबंधन में योगदान देने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
🔴 HIGHLIGHTS
🔴 स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी-जवान प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित
🔴 एएसआई रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक-2026
🔴 10 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026
🔴 बाढ़ बचाव, गोताखोरी और जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवान भी सम्मानित
🔴 महिला-बाल सुरक्षा, कमजोर वर्गों और अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के 80वें पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारियों और जवानों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यकुशलता और विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पदकों एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक प्रदान कर उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक
रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा और आधारभूत प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक-2026 से सम्मानित किया गया।
10 पुलिसकर्मियों को भारतीय पुलिस पदक
सराहनीय सेवाओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आधुनिक नवाचारों के लिए कुल 10 पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026 प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वालों में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक एटीएस नवा रायपुर राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

आपदा प्रबंधन और जनसेवा के लिए भी सम्मान
आपदा प्रबंधन, राहत कार्य और जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य के लिए तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्य के लिए गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026 प्रदान किया गया।
कमजोर वर्ग और महिला-बाल सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य
कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद यादव को गुरु घासीदास पुरस्कार दिया गया। वहीं रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को राज्यपाल पुरस्कार एवं रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गरियाबंद की एसडीओपी निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार तथा डीएसपी (अजाक) बिलासपुर डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
भव्य परेड ने बढ़ाया समारोह का गौरव
समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई।
परेड में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
