CEIR पोर्टल की मदद से बिहार, कोलकाता समेत कई राज्यों तक पहुंची पुलिस, मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे

रायगढ़, 24 अगस्त 2026। साइबर अपराधों पर नियंत्रण और नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस की तकनीक आधारित कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में साइबर पुलिस थाना रायगढ़ ने पिछले तीन महीनों में गुम और चोरी हुए 150 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 37 लाख 50 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक की मौजूदगी में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
CEIR पोर्टल से ट्रेस हुए गुम मोबाइल
गुम और चोरी हुए मोबाइलों की तलाश में भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित CEIR पोर्टल पुलिस के लिए कारगर साबित हो रहा है। शिकायत के बाद मोबाइल का IMEI नंबर सिस्टम में दर्ज कर उसे ब्लॉक और ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।
जब गुम मोबाइल में कोई दूसरी सिम डालकर उसका इस्तेमाल करता है तो नेटवर्क के जरिए मिलने वाली तकनीकी जानकारी के आधार पर साइबर पुलिस मोबाइल की लोकेशन और उपयोगकर्ता तक पहुंचती है।
बिहार और कोलकाता तक पहुंची पुलिस
साइबर डीएसपी श्री शिखर मरावी के पर्यवेक्षण और निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में टीम ने पिछले तीन महीनों में 150 मोबाइल बरामद किए। इनमें रायगढ़ के अलावा बिहार, कोलकाता, कोरबा, जांजगीर, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्र में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल भी शामिल थे।
बरामद मोबाइलों में Vivo, Oppo, Redmi, Poco, Realme, OnePlus, Samsung और Motorola जैसी कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
मोबाइल वापस मिलने पर खिले लोगों के चेहरे
कई ऐसे लोगों को भी उनका मोबाइल वापस मिला, जिन्होंने लंबे समय से फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया और अधिकारियों के साथ सेल्फी भी ली।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि आज मोबाइल केवल बातचीत का साधन नहीं है, बल्कि इसमें बैंकिंग जानकारी, दस्तावेज, फोटो, संपर्क और सोशल मीडिया अकाउंट जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां रहती हैं। इसलिए मोबाइल गुम होना आर्थिक नुकसान के साथ डिजिटल सुरक्षा का भी मामला है।
मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें ये काम
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर की जानकारी दर्ज करें। मोबाइल में बैंकिंग, UPI, ई-मेल या सोशल मीडिया अकाउंट जुड़े होने पर पासवर्ड बदलने और जरूरी सुरक्षा उपाय करने की भी सलाह दी गई है।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि किसी को रास्ते में मोबाइल मिले तो उसका इस्तेमाल करने के बजाय उसे नजदीकी थाना या साइबर थाना में जमा कराएं।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
ये भी पढ़े…..
- चक्रधर समारोह 2026 में दिखेगा कला और संस्कृति का भव्य संगम, 10 दिनों में होंगी 42 प्रस्तुतियां

- साप्ताहिक बाजार में शराब के नशे में तीन लोगों पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार

- रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी कार्रवाई, 15.75 टन स्क्रैप से लदा ट्रक जब्त

- वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने क्रांतिकारी शिवराम हरि राजगुरु की जयंती पर किया नमन

- रायगढ़ पुलिस ने 150 गुम मोबाइल किए बरामद, 37.50 लाख से ज्यादा के फोन लौटाए

