गांधी मैदान और भारत माता चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में उप मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना, ग्वाला भाइयों का तिलक लगाकर किया स्वागत

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शनिवार को कवर्धा शहर के गांधी मैदान और भारत माता चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
उप मुख्यमंत्री ने परंपरा के अनुसार ग्वाला समाज के लोगों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें दही हांडी उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। यादव समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रूप से खुमरी पहनाकर विजय शर्मा का आत्मीय स्वागत किया।
‘हाथी-घोड़ा-पालकी’ के जयघोष से गूंजा कवर्धा
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंच से ही उपस्थित लोगों के साथ “हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की” का जयघोष किया। जयघोष के साथ पूरा माहौल कृष्ण भक्ति और उत्साह से भर गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, नितेश अग्रवाल सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, शहरवासी और यादव समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विजय शर्मा ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा सहित प्रदेशवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोविंदा उत्सव कवर्धा की गौरवशाली परंपरा है, जो समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्म और कर्तव्य के प्रति प्रेरणा देता है। कृष्ण लीला का संदेश है कि अन्याय और अधर्म पर हमेशा धर्म की विजय होती है।
युवाओं से कृष्ण के आदर्श अपनाने का आह्वान
विजय शर्मा ने युवाओं से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
दही हांडी उत्सव में हजारों की संख्या में शहरवासी, समाजजन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे कवर्धा में कृष्ण भक्ति, जयघोष और उत्सव का माहौल बना रहा।




