चेचिस नंबर से खुला बाइक चोरी का राज, चार दिन से लापता युवक की पहचान की कोशिश; पुलिस को दूसरी जगह हत्या कर शव जंगल में जलाने की आशंका

बिलासपुर। कोटा के शिवतराई जंगल में गुरुवार शाम युवक की जली हुई लाश मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल पर मिली बाइक के चेचिस नंबर से पता चला है कि यह वाहन करीब 20 दिन पहले मुंगेली जिला अस्पताल से चोरी किया गया था। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को इसी बाइक के साथ शिवतराई जंगल में लाकर जलाया गया।
पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुंगेली जिले के एक परिवार ने शव को अपने लापता युवक का होने की आशंका जताई है। युवक पिछले चार दिनों से लापता बताया जा रहा है। वहीं, कोरबा जिले से भी एक परिवार युवक की पहचान के लिए कोटा पहुंचा है। फिलहाल पुलिस शव की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
चेचिस नंबर से पता चला चोरी की बाइक का मामला
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि गुरुवार को वन विभाग के अधिकारियों को शिवतराई जंगल में एक युवक की जली हुई लाश पड़े होने की सूचना मिली थी। वन विभाग ने तत्काल इसकी जानकारी कोटा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल पर मिली बाइक के चेचिस नंबर के आधार पर जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि बाइक 31 अक्टूबर को मुंगेली जिला अस्पताल से चोरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक चोरी और युवक की मौत के बीच संभावित संबंधों की जांच शुरू की।
चार दिन से लापता युवक की पहचान की कोशिश
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुंगेली जिले का एक युवक 16 नवंबर से लापता है। पुलिस ने शव की तस्वीर आसपास के जिलों में भी भेजी, जिसके बाद कोरबा का एक परिवार भी युवक की पहचान के लिए कोटा स्थित चीरघर पहुंचा।
फिलहाल पुलिस दोनों परिवारों से मिली जानकारी के आधार पर शव की पहचान की पुष्टि कर रही है। शुरुआती आशंका है कि मृतक मुंगेली जिले का निवासी हो सकता है। पुलिस बाइक चोरी में शामिल लोगों की जानकारी भी जुटा रही है, ताकि हत्या और शव को जंगल तक लाने के पीछे की वजह सामने आ सके।
दूसरी जगह हत्या कर जंगल में जलाया गया शव
शुक्रवार सुबह पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर दोबारा जांच की। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी दूसरी जगह की गई और बाद में शव को शिवतराई जंगल में लाकर बाइक के पास रखा गया। इसके बाद झाड़ियों से शव को ढककर आग लगा दी गई।
पुलिस के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बाइक चोरी करने वालों का इस वारदात से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल युवक की पहचान, हत्या का कारण और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है।
खबरें और भी :-
- रायगढ़ में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक शोषण, बाद में मुकरा और दी जान से मारने की धमकी; आरोपी गिरफ्तार

- बालोद के किसानों को बड़ी राहत, ‘जीरो रकबा’ की समस्या दूर करने विशेष अभियान; अब तक 3,140 किसानों के रकबे में हुआ सुधार

- राजनांदगांव में घर की छत ढहने से मलबे में दबकर मजदूर की मौत, 2 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

- बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में घुसी ईको कार; एक युवती की मौत और 10 घायल

- छत्तीसगढ़ में 41 दिनों से जारी पटवारियों की हड़ताल स्थगित, सीएम साय के आश्वासन के बाद काम पर लौटेंगे कर्मचारी

- छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, 6 से 18 दिसंबर तक 13 लोकल ट्रेनें रद्द; कई एक्सप्रेस रहेंगी लेट

- बिलासपुर में समुद्री तूफान अकवन का असर, बारिश के बाद मंगलवार से तेजी से बढ़ेगी ठंड

- सरगुजा में मां को पीटता देख भड़का बेटा, मामा की टांगी से मारकर की हत्या

- कोरबा में 70 वर्षीय वृद्धा की गला घोंटकर हत्या, टोना-जादू की आशंका

- रायपुर में दो साल की मासूम की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई दुष्कर्म की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

- देवेंद्र यादव को AICC सचिव पद की जिम्मेदारी से हटाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सियासी हलचल, पूर्व OSD की पोस्ट से बढ़ी चर्चा

- बिलासपुर के शिवतराई जंगल में जली हुई लाश मिलने से सनसनी, मुंगेली जिला अस्पताल से चोरी बाइक से जुड़ा मामला

