10वीं के विद्यार्थियों को 5 हजार और 12वीं के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये

कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 171 मेधावी विद्यार्थियों के लिए मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह यादगार बन गया। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस समारोह में वनांचल क्षेत्र के विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये तथा कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक दिया गया। इसके साथ ही सभी चयनित विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस पहल के माध्यम से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान और प्रोत्साहन देने का संदेश दिया गया। सम्मान मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
विद्यार्थियों से उप मुख्यमंत्री ने किया सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता से संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उनके सवालों का जवाब दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरक पुस्तकें भी भेंट कीं और पढ़ने-सीखने की आदत को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ सेल्फी लेकर उनके साथ खुशियां भी साझा कीं। कार्यक्रम की एंकर अनुराधा दुबे ने भी प्रेरक एवं उत्साहवर्धक बातों से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
“जो करना है, पूरे मन से कर डालो”
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो करना है, उसे पूरे मन से करना चाहिए। अपने लक्ष्य और जुनून को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी को कभी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।
उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा होती है और इस ऊर्जा का उपयोग समाज की भलाई तथा देश को आगे बढ़ाने में होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
पढ़ाई में रटने के बजाय विषय को समझने पर जोर
समारोह के दौरान कक्षा 12वीं के छात्र राकेश जांगड़े ने उप मुख्यमंत्री से परीक्षा की तैयारी और प्रथम स्थान प्राप्त करने को लेकर सवाल किया। जवाब में श्री शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा में शिक्षक की बातों पर पूरा ध्यान देना चाहिए। केवल रटने के बजाय विषय को समझने पर ध्यान देना जरूरी है। विषय की समझ मजबूत होने पर विद्यार्थी किसी भी प्रश्न का उत्तर आत्मविश्वास के साथ दे सकता है।
कक्षा 10वीं की छात्रा मृदुला श्रीवास्तव ने संसाधनों की कमी के बावजूद विज्ञान की पढ़ाई में आगे बढ़ने को लेकर सवाल किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समय और संसाधनों की कमी किसी को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने और कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषय पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
विद्यार्थियों के साथ गुरुजन और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी सम्मानित
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की पहल पर आयोजित इस समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्कूलों के प्राचार्यों और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट, श्री रामकिंकर वर्मा, श्री निर्मल द्विवेदी, श्री हरीश लुनिया, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, डीएफओ श्री निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, पालक, शिक्षक और शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कवर्धा की प्रतिभा देश का गौरव बनेगी
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है। सम्मानित किए जा रहे विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर आने वाले समय में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि कवर्धा की यह प्रतिभा आगे चलकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के साथ देश का गौरव भी बनेगी।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
इसे भी पढ़े…..
- दल्लीराजहरा के गार्डन में भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए सजावटी पुतले जलकर खाक

- भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी की गिरफ्तारी टली, पुलिस पहुंचने से पहले फरार

- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त

- नक्सलमुक्त बस्तर के कई गांवों में पहली बार मनेगी दिवाली, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रोत्साहित

