गन्ने का रकबा 10 हजार से घटकर 6 हजार हेक्टेयर हुआ, रिकवरी दर 9 प्रतिशत तक पहुंची; कटाई के 48 घंटे के भीतर पेराई सुनिश्चित करने के निर्देश

सूरजपुर, 25 अक्टूबर 2026। माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की उपस्थिति में गन्ना कृषक चौपाल एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें गन्ना उत्पादन और खेती का रकबा बढ़ाने, शक्कर की रिकवरी दर में सुधार, किसानों को समय पर भुगतान तथा कारखाने का सुचारू संचालन जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, अनुविभागीय अधिकारी श्री रमेश मोर, कारखाना प्रबंधन के अधिकारी और बड़ी संख्या में गन्ना उत्पादक किसान उपस्थित रहे।
किसानों ने बताईं भुगतान और खेती से जुड़ी समस्याएं
चौपाल के दौरान कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। किसानों ने गन्ने के भुगतान में देरी, खेती की बढ़ती लागत, श्रमिकों की उपलब्धता और कारखाने के संचालन से जुड़ी समस्याएं रखीं।
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों को गन्ने की दर 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की जानकारी दी और शासन की ओर से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
गन्ने की खेती का रकबा 10 हजार से घटकर 6 हजार हेक्टेयर
कलेक्टर ने जिले में गन्ना उत्पादन में आई गिरावट पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि पहले जिले में लगभग 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती थी, जो घटकर करीब 6 हजार हेक्टेयर रह गई है।
उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादक किसान शक्कर कारखाने के अभिन्न अंग हैं। किसानों के सहयोग और पर्याप्त गन्ना उत्पादन से ही कारखाने का संचालन सुचारू रूप से हो सकता है। गन्ने की पर्याप्त उपलब्धता होने पर कारखाने को अधिक दिनों तक चलाया जा सकेगा, जिससे किसानों के साथ स्थानीय श्रमिकों को भी लाभ मिलेगा।
कारखाने की क्षमता का 50 प्रतिशत भी उपयोग नहीं
कलेक्टर के अनुसार, वर्तमान में कारखाने की स्थापित क्षमता का 50 प्रतिशत भी उपयोग नहीं हो पा रहा है। पर्याप्त गन्ना उपलब्ध होने पर कारखाने के संचालन की अवधि बढ़ाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 600 श्रमिकों को तीन माह तक रोजगार मिल पाता है। कारखाने का पूर्ण क्षमता से संचालन होने पर रोजगार की अवधि छह माह तक बढ़ सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
शक्कर की रिकवरी दर बढ़ाने पर जोर
कलेक्टर ने बताया कि पूर्व के वर्षों में गन्ने से शक्कर की रिकवरी दर लगभग 14 प्रतिशत रही है, जबकि वर्तमान में यह करीब 9 प्रतिशत है। उन्होंने पिछले दो-तीन वर्षों में रिकवरी दर में आई गिरावट के कारणों की समीक्षा कर सुधारात्मक उपाय अपनाने की जरूरत बताई।
उन्होंने गन्ने की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने और कटाई तथा पेराई के बीच समय का अंतर कम करने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गन्ने की कटाई के 48 घंटे के भीतर उसकी पेराई सुनिश्चित की जाए।
उन्नत खेती और ड्रिप सिंचाई अपनाने की अपील
कलेक्टर ने किसानों को शरदकालीन गन्ने की खेती, उन्नत कृषि तकनीकों और ड्रिप सिंचाई पद्धति अपनाकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जिले में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को उनकी जरूरत के अनुरूप कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के लिए प्रक्षेत्र भ्रमण और फसल प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसान उन्नत खेती की तकनीकों को समझकर अपना सकें।
किसानों को भुगतान प्रक्रिया की दी जानकारी
कार्यशाला में कारखाना प्रबंधक ने शक्कर के विक्रय और किसानों को भुगतान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार से शक्कर बेचने की अनुमति चरणबद्ध तरीके से प्राप्त होती है, जिसके कारण बिक्री से मिलने वाली राशि भी किस्तों में प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्धारित प्रावधानों का पालन करते हुए किसानों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपनी उपज से प्राप्त राशि का समय पर उपयोग कर सकें।
कार्यशाला में गन्ना विकास योजना, उन्नत उत्पादन तकनीक, सिंचाई प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के समाधान और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
किसानों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसानों से नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की। उन्होंने स्वयं शराब के नशे में वाहन चलाने से बचने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
यह भी पढ़ें :-
रायगढ़: शादी का झांसा देकर युवती के शोषण और 4.50 लाख रुपये लेने का आरोप, घरघोड़ा पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
सूरजपुर एक नज़र
- सूरजपुर: जंगल में महिला से बेरहमी से मारपीट का आरोप, दूसरे पति पर शक; अस्पताल में इलाज जारी

- सूरजपुर: केरता शक्कर कारखाने में गन्ना उत्पादन बढ़ाने पर जोर, कलेक्टर ने किसानों से किया सीधा संवाद

- सूरजपुर जिला अस्पताल में 73 वर्षीय महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफल, स्थानीय स्तर पर मिला बेहतर इलाज

- सूरजपुर के गणेशपुर स्वास्थ्य केंद्र में ताला, रास्ते में प्रसव के बाद नवजात की मौत; प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और एएनएम निलंबित

- सूरजपुर में खराब सड़कों पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सख्त | ठेकेदारों से गारंटी अवधि में मरम्मत कराने के निर्देश

- सूरजपुर में योजनाओं की समीक्षा | पात्र नागरिकों तक लाभ पहुंचाने कलेक्टर ने दिए निर्देश

- महुआपारा में चौकीदार की हत्या का राजफाश | दुष्कर्म की कोशिश के विरोध में किशोरी ने हमला करने की बात कही

- सूरजपुर में आंगन मिलन सेवा से पोषण का संदेश | पौष्टिक थाली और न्योता भोज के जरिए स्वस्थ परिवार पर जोर

- सूरजपुर में महिला की संदिग्ध मौत | घर के पास पेड़ से लटका मिला शव, पति से पूछताछ

- सूरजपुर में 16 सितंबर को रोजगार मेले का बड़ा मौका, 579 पदों पर सीधी भर्ती; ₹45 हजार तक वेतन

- सूरजपुर के स्कूलों में मनाया गया हाथ धुलाई दिवस, विद्यार्थियों को स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश

- सूरजपुर के ओड़गी में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की विभागीय समीक्षा, अधिकारियों को दिए जनहित के काम समय पर पूरा करने के निर्देश

