स्कॉर्पियो में पाइप, सब्बल और डीजल की जरिकेन मिली थी; मुख्य आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में बंद

रायगढ़। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रेलर और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जूटमिल पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों शिव कुमार रजक और कुलदीप कुमार साण्डे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले की शुरुआत 3 फरवरी 2026 को हुई थी। अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें 10 लीटर डीजल से भरी जरिकेन, करीब 2 मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल और अलग-अलग नंबर प्लेट मिलीं।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे डीजल चोरी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि स्कॉर्पियो पर लगी CG-04-BT-0664 नंबर प्लेट का परिवहन विभाग में कोई रिकॉर्ड नहीं था। वहीं वाहन के अंदर मिली CG-12-BT-6416 नंबर प्लेट के आधार पर जांच की गई तो स्कॉर्पियो मधुर निर्मलकर निवासी तुलसीनगर, कोरबा के नाम पंजीकृत मिली।
पूछताछ और किरायानामा की जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो को 30 दिसंबर 2025 को पुरुषोत्तम यादव निवासी बगडबरी, जांजगीर-चांपा को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया गया था।
ट्रेलर चालक के जागने पर भागे, पलट गई स्कॉर्पियो
विवेचना में संदीप कुमार डहरिया और सुनील कुमार केवट ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के कहने पर उन्होंने स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।
इसके बाद आरोपी संदीप, सुनील, शिव कुमार रजक और कुलदीप कुमार साण्डे के साथ रायगढ़ पहुंचे और हाईवे पर खड़े ट्रेलर से डीजल चोरी करने लगे। आरोपियों ने ट्रेलर की डीजल टंकी का लॉक तोड़कर डीजल निकालना शुरू किया।
इसी दौरान ट्रेलर चालक की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। आरोपी स्कॉर्पियो से तेजी से भागने लगे, लेकिन कुछ दूर जाने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गया। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए।
फरार आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस
मामले में पुलिस पहले ही सुनील कुमार केवट और संदीप कुमार डहरिया को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों को 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया था।
इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने शिव कुमार रजक, उम्र 40 वर्ष, निवासी बगडबरी और कुलदीप कुमार साण्डे, उम्र 29 वर्ष, निवासी खम्हरिया का पता लगाया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
शिव कुमार रजक ने बताया कि भागने के दौरान उसका कीपैड मोबाइल स्कॉर्पियो में ही छूट गया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में बंद
पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव उम्र 48 वर्ष वर्तमान में केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद है। उसके खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी सहित पांच प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
वर्तमान में वह थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के एक मामले में 26 जून 2026 से जेल में निरुद्ध है। जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। अब उसे बिलासपुर केंद्रीय जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
जूटमिल थाने में इस मामले में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3/7 ईसी एक्ट के तहत अपराध दर्ज है।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक शांति मिरी और आरक्षक शिवा प्रधान की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी तथा अपराध में प्रयुक्त वाहन, फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर विशेष नजर रखी जा रही है।
देश प्रहरी न्यूज़ यूट्यूब चैनल भी देखे …..
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘पावस प्रसंग’ में बिखरी शास्त्रीय कला की छटा, कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
- ऑपरेशन आघात में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.108 किलो गांजा के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार
- शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग, बिहार से पकड़ा गया आरोपी
- खरसिया में साइबर जागरूकता अभियान तेज, 1400 से अधिक विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
- तमनार में दो चोरियों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए
