बर्तन बेचने की आड़ में किराए पर मकान लेकर करता था रेकी, बेमेतरा पुलिस की जांच में कई राज्यों में चोरी के मामलों से जुड़ी कड़ियां सामने आईं

बेमेतरा, 19 अगस्त 2026। बेमेतरा पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच के दौरान ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि वह बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आया था और फर्जी पहचान दस्तावेजों के सहारे अलग-अलग राज्यों में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी बर्तन बेचने की आड़ में किराए का मकान लेता और आसपास के गांवों व मोहल्लों में घूमकर चोरी की वारदातों के लिए रेकी करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।
सिंघौरी चोरी मामले की जांच में सामने आया नाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सुमोन खान (24), पिता मोहम्मद सलाम खान, निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई है। उसे बेमेतरा के सिंघौरी में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पिछले महीने हुई चोरी की इस वारदात में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ के दौरान सुमोन खान के संबंध में जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी आधार और पैन कार्ड से कई राज्यों में रहा
पुलिस के अनुसार भारत आने के बाद आरोपी ने कर्नाटक में फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज तैयार करवाए। इसके बाद वह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित अलग-अलग राज्यों में रहा।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में किसने मदद की और इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका थी या नहीं।
बर्तन बेचने की आड़ में करता था घरों की रेकी
पुलिस के मुताबिक सुमोन खान किसी नए इलाके में पहुंचने के बाद खुद को बर्तन बेचने वाला बताकर किराए पर मकान लेता था। इसके बाद वह गांवों और गली-मोहल्लों में घूमता और लोगों के घरों की रेकी करता था।
पुलिस का दावा है कि मौका मिलने पर आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देता था। जांच में उसके साथ अन्य लोगों के भी इस तरह की वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
कई राज्यों की पुलिस से संपर्क में बेमेतरा पुलिस
बेमेतरा पुलिस अब आरोपी से जुड़े संभावित अपराधों और उसके साथियों की जानकारी जुटा रही है। इसके लिए कई राज्यों की पुलिस से संपर्क किया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 जिलों से आरोपी से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है। इनमें कांकेर, कोरिया, इंदौर, साइबराबाद, पूर्वी दिल्ली, बड़गाम, दक्षिण दिनाजपुर, कृष्णानगर-नादिया, बागलकोट, बेलगाम, चंद्रपुर, नागपुर और कोरापुट सहित अन्य जिले शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड, फर्जी दस्तावेजों और संभावित साथियों के नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ चोरी की अन्य वारदातों में भी उसकी भूमिका स्पष्ट होने की संभावना है।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘पावस प्रसंग’ में बिखरी शास्त्रीय कला की छटा, कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
- ऑपरेशन आघात में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.108 किलो गांजा के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार
- शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग, बिहार से पकड़ा गया आरोपी
- खरसिया में साइबर जागरूकता अभियान तेज, 1400 से अधिक विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
- तमनार में दो चोरियों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए
