गुणवत्ता से समझौता नहीं, अक्टूबर तक शुरू हों स्वीकृत कार्य; मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन फील्ड निरीक्षण के निर्देश

रायपुर, 20 अगस्त 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने और प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी और अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
प्राक्कलन से निविदा तक प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
श्री बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने और प्राक्कलन तैयार करने से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने को कहा।
उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं और कार्यस्थलों से संबंधित मामलों का जल्द निराकरण हो सके।
सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार निगरानी रखने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। सड़कों और भवनों के निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि मजबूत और टिकाऊ निर्माण हो सके।
अक्टूबर तक शुरू हों निविदा वाले नए काम
श्री बंसल ने कहा कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू किया जाए। कार्य शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया। बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाएं प्रस्ताव
सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अधोसंरचना का निर्माण केवल वर्तमान जरूरतों के आधार पर नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
भूमि नामांतरण के प्रकरण एक माह में निपटाने के निर्देश
श्री बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने को कहा।
उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े नए और पुराने प्रकरणों के नामांतरण की कार्यवाही एक माह में पूरी करने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को भी कहा गया।
विश्रामगृह और सर्किट हाउस की व्यवस्था भी होगी बेहतर
बैठक में विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। सचिव ने विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने तथा पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव सुश्री अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री आर.के. रात्रे एवं श्री जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता श्री के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘पावस प्रसंग’ में बिखरी शास्त्रीय कला की छटा, कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
- ऑपरेशन आघात में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.108 किलो गांजा के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार
- शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग, बिहार से पकड़ा गया आरोपी
- खरसिया में साइबर जागरूकता अभियान तेज, 1400 से अधिक विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
- तमनार में दो चोरियों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए
