शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर की गई थी ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 लाख की संपत्ति जब्त की

रायगढ़, 3 नवंबर। शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर रायगढ़ के एक डॉक्टर से 34 लाख 17 हजार 531 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को साइबर थाना पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रईस खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इंदौर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर रायगढ़ लाया है। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा नेक्सॉन कार, लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, बैंक कार्ड और 1 लाख 39 हजार 500 रुपये नकद सहित करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इस मामले में गिरोह के तीन अन्य सदस्यों तरुण नागर, तनीषा पाटिल और ज्योति मालवीय के खिलाफ भी पहले कार्रवाई की जा चुकी है।
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से ठगी
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को सोनकरपारा, जूटमिल निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने साइबर थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में मोबाइल फोन के माध्यम से उनका संपर्क सुनील नाम के व्यक्ति से हुआ था। उसने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर अधिक लाभ मिलने का झांसा देकर स्पार्टन ट्रेड कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद व्हाट्सऐप के माध्यम से कंपनी का पोर्टफोलियो भेजकर निवेश पर अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया गया। अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अन्य लोग भी डॉक्टर से संपर्क कर निवेश के लिए दबाव बनाने लगे।
शिकायत के मुताबिक, 28 अप्रैल 2025 से 3 अप्रैल 2026 के बीच डॉक्टर से विभिन्न बैंक खातों में कुल 34,17,531 रुपये जमा कराए गए। शुरुआत में ऑनलाइन पोर्टफोलियो में निवेश की रकम पर बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा। लेकिन जब डॉक्टर ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो पैसे वापस नहीं मिले। इसके बजाय उनसे और अधिक निवेश करने के लिए कहा जाने लगा। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
इस मामले में साइबर थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 06/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
23 मोबाइल सिम से जुड़ी मिली ठगी की कड़ियां
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में ज्योति मालवीय के नाम पर पंजीकृत मोबाइल नंबर से ठगी की कड़ियां जुड़ने की जानकारी मिली। जांच में उसके नाम पर 23 अन्य मोबाइल सिम संचालित होने की बात भी सामने आई।
इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर के पलासिया क्षेत्र स्थित एक कॉल सेंटर में दबिश देकर तनीषा पाटिल को पकड़ा। फिर विजय नगर क्षेत्र से ज्योति मालवीय और उसकी जानकारी के आधार पर परदेशीपुरा क्षेत्र से तरुण नागर को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर रायगढ़ लाया गया था।
गिरोह को 100 से 150 सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में ज्योति मालवीय ने अपने आधार कार्ड से जारी सिम कार्ड साइबर ठगी के लिए गिरोह को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि सिम बेचने वाले तरुण नागर के संपर्क में रहकर उसने करीब 100 से 150 सिम कार्ड गिरोह को दिए थे। वहीं तनीषा पाटिल ने भी ठगी के लिए सिम उपलब्ध कराया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी रईस खान सिम कार्ड उपलब्ध कराने से लेकर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को निवेश संबंधी सलाह देने का काम करता था। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
इंदौर के कावेरी परिसर से रईस खान गिरफ्तार
इसी कड़ी में साइबर पुलिस की टीम ने इंदौर के कावेरी परिसर से रईस खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब दो वर्षों से इंदौर में रहकर शेयर मार्केट से जुड़ी एडवाइजरी का काम कर रहा था। मुंबई मुख्यालय वाली एक शेयर मार्केट ब्रोकिंग कंपनी में सब-ब्रोकर के रूप में काम करते हुए वह अपने साथी के साथ इंदौर में लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था।
आरोपी ने बताया कि एडवाइजरी के काम में इस्तेमाल के लिए उसे कई मोबाइल सिम कार्ड की जरूरत थी, जिसके लिए उसने तरुण नागर से करीब 100 से 150 सिम खरीदे थे। इन्हीं नंबरों के माध्यम से लोगों से संपर्क कर डीमैट अकाउंट खुलवाने और ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, रईस खान ने 24 जून 2025 को रायगढ़ के डॉक्टर दिलीप मिश्रा को चार बार फोन कर डीमैट अकाउंट खुलवाने और शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया था। उसके झांसे में आकर डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी।
ठगी की रकम से खरीदी टाटा नेक्सॉन, 12 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि अन्य लोगों को भी ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाकर प्राप्त रकम से उसने नवंबर 2025 में टाटा नेक्सॉन कार सहित मोबाइल और लैपटॉप खरीदे थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टाटा नेक्सॉन कार, एक लैपटॉप, वनप्लस, रियलमी और आईफोन सहित तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड और 1 लाख 39 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से शेयर ट्रेडिंग और निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर ठग संगठित नेटवर्क के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई हड़प रहे हैं। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें और बिना सत्यापन किसी को भी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या मोबाइल सिम उपलब्ध न कराएं।
उन्होंने अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। रायगढ़ पुलिस साइबर अपराधियों और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
रईस खान, पिता जाकिर खान, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम मण्डावर, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़, मध्यप्रदेश। वर्तमान पता कावेरी परिसर, बी-1 ब्लॉक, मकान नंबर 908, थाना भंवरकुआ, जिला इंदौर, मध्यप्रदेश।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, निरीक्षक विमल राय, आरक्षक पुष्पेन्द्र जाटवर, धर्मेन्द्र सिंह, जितेन्द्र कुर्रे, विकास प्रधान तथा महिला आरक्षक जयलक्ष्मी और मनीषा साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लेटेस्ट और ट्रेंडिंग स्टोरीज
- दल्लीराजहरा के गार्डन में भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए सजावटी पुतले जलकर खाक

- भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी की गिरफ्तारी टली, पुलिस पहुंचने से पहले फरार

- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त

- नक्सलमुक्त बस्तर के कई गांवों में पहली बार मनेगी दिवाली, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रोत्साहित

- रायपुर के किराये के मकान में मां-बेटे के शव मिलने से सनसनी, 3-4 दिन से थे लापता

- बलौदाबाजार में करंट हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, पिता-पुत्र के बाद मां ने भी तोड़ा दम

- जेब में रखी पोटाश में धमाका, 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलसा, बाइक सवार साथी भी घायल

- धनतेरस पर छत्तीसगढ़ के बाजारों में बंपर खरीदारी, 8 से 10 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

- जगदलपुर में दीपा सागर की मौत का मामला गरमाया, मोबाइल चैट और कॉल डिटेल को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल

- आरंग में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, मुआवजे और सुरक्षा की मांग पर ग्रामीणों का चक्काजाम

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रमेन डेका से की मुलाकात, दीपावली की दी शुभकामनाएं

- अमित जोगी को रायपुर पुलिस तलाश रही, गुजरात के सूरत में गुजराती थाली खाते फोटो किया शेयर

- छत्तीसगढ़ में विज्ञान और तकनीक को मिलेगा बढ़ावा, IISc बेंगलुरु के सहयोग से 3 बड़ी परियोजनाओं पर चर्चा

- रायगढ़ में दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश, 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद; 8 आरोपी गिरफ्तार

- SIR में मतदाता सूची से नाम कटने पर न हों परेशान, दोबारा नाम जुड़वाने के लिए भरें फॉर्म-6

- छत्तीसगढ़ बनेगा राष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन, चित्रोत्पला फिल्म सिटी को लेकर सरकार ने तेज की तैयारी

- बिलासपुर में कब्रिस्तान में नशा कर रहे बाबा की पिटाई, हाथ की हड्डी टूटी; तांत्रिक क्रिया के शक में मारपीट का आरोप

- रायगढ़ के डॉक्टर से 34.17 लाख की साइबर ठगी, इंदौर से गिरोह का एक और आरोपी गिरफ्तार

- रायपुर में बंजारी मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

- रायगढ़ में 5 टन लोहे के क्वायल की हेराफेरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 5 लाख का माल बरामद

- छत्तीसगढ़ में MSc Nursing प्रवेश 2026 के लिए आवेदन 2 नवंबर से, 8 नवंबर तक मिलेगा मौका

- देवास में शराब तस्करी के ट्रक ने खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचला, मौके पर मौत; ड्राइवर गिरफ्तार

- राज्योत्सव के शिल्पग्राम मंच पर सजी लोकसंस्कृति की महफिल, पंडवानी से फ्यूजन बैंड तक कलाकारों ने बांधा समां

