बलौदाबाजार: गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर स्थापित होंगे लकड़ी के जैतखाम

गिरौधपुरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ के प्रमुख आस्था केंद्र भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने लगभग 28.97 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की।
बाबा गुरु घासीदास के संदेश को बताया प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका अमर संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भण्डारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। राज्य सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों के अनुरूप सभी वर्गों के कल्याण, सम्मान और विकास के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का उल्लेख करते हुए बताया कि दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। उन्होंने भण्डारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का जिक्र करते हुए समाज की सांस्कृतिक विरासत और आस्था स्थलों के संरक्षण की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
28.97 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें शामिल हैं:
- मोहंदी-अड़सेना मार्ग: 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से 4 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण।
- नरदहा आंतरिक मार्ग: 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से 2 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण।
- छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग: 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से 29 किलोमीटर लंबे मार्ग का डामर नवीनीकरण।
इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और गांवों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।
- ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये।
- नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नए प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये।
- नगरपालिका परिषद मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये।
- चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये।
इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।
समाज के विकास और सामाजिक समरसता पर जोर
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज के विकास से जुड़ी मांगों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मोती महल के भूमिपूजन और दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए सीटें बढ़ाए जाने को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने लोगों से बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सत्य, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े….. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को जगदलपुर आएंगी, मुरिया दरबार में होंगी शामिल और लालबाग मैदान में करेंगी सभा
बलौदाबाजार जिला एक नज़र
- बलौदाबाजार में करंट हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, पिता-पुत्र के बाद मां ने भी तोड़ा दम

- बलौदाबाजार: खंडुआ में सिंचाई नाली निर्माण का निरीक्षण, आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने श्रमिकों से की चर्चा

- बलौदाबाजार में बाढ़ का असर | 120 लोगों का सफल रेस्क्यू, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

- सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों को मिली बड़ी राहत | 27 लोगों को मौके पर कृत्रिम अंग और कैलिपर्स वितरित

- रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर ट्रक और क्रेटा की जोरदार टक्कर, एक की मौत; 3 घायल

- राज्यपाल रमेन डेका ने प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया सम्मानित, मोबाइल के सीमित उपयोग की दी सलाह

